आजमगढ़ : मतदाता पुनरीक्षण में धांधली का आरोप, सपा ने दी आंदोलन की चेतावनी

Youth India Times
By -
0




फर्जी फार्म-7 और बीएलओ पर दबाव का मुद्दा उठा, मासिक बैठक में जमकर हुई चर्चा
हर बूथ पर टोली बनाकर वोट बचाने का आह्वान, चुनाव आयोग से शिकायत की तैयारी
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी कार्यालय, जनपद-आजमगढ़ पर मासिक बैठक जिलाध्यक्ष हवलदार यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश में चल रहे विशेष प्रगाढ़ मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान बड़े पैमाने पर हो रही कथित धांधली को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक एवं पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक डॉ. संग्राम यादव, विधायक नफीस अहमद, विधायक अखिलेश यादव, कमलाकांत राजभर, पूजा सरोज, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव एवं जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोग फार्म-7 पर फर्जी हस्ताक्षर कराकर सैकड़ों की संख्या में मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास कर रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि बीएलओ को डराकर और दबाव बनाकर गलत तरीके से हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस पर तत्काल रोक नहीं लगाई तो समाजवादी पार्टी मजबूर होकर इसका मुंहतोड़ जवाब देगी। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकतार्ओं से अपील की कि वे हर बूथ और हर गांव में टोली बनाकर मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करें। वक्ताओं ने यह भी चिंता जताई कि कुछ अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग के नियमों के विरुद्ध बीएलओ को गलत कार्य करने के निर्देश दे रहे हैं। समाजवादी पार्टी ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची तैयार कर जिलाधिकारी एवं निर्वाचन आयोग को पत्र भेजेगी। बैठक में कार्यकतार्ओं से कहा गया कि वे तार्किक विसंगतियों, नो-मैपिंग एवं अन्य प्रकार की नोटिसों का जवाब देने में मतदाताओं की मदद करें। साथ ही जिन मतदाताओं के नाम छूट गए हैं, उनका नाम फॉर्म-6 के माध्यम से जुड़वाया जाए। विशेष रूप से महिलाओं के वोट अधिक संख्या में छूटने पर चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर प्रदेश के विकास, कानून व्यवस्था और रोजगार के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया। कहा गया कि महंगाई चरम पर है और सरकार की तानाशाही व हठधर्मिता के कारण संसद एवं अन्य सदन सुचारू रूप से नहीं चल पा रहे हैं। आरोप लगाया गया कि जनता का ध्यान बुनियादी मुद्दों से भटकाने के लिए अनर्गल बयानबाजी की जा रही है तथा पिछड़ों और दलितों के आरक्षण पर भी हमला हो रहा है। बैठक में बालचंद कुशवाहा, राम प्यारे यादव, संतलाल विश्वकर्मा, अजीत कुमार राव, वर्मन यादव, डॉ. हरि राम सिंह यादव, हरिश्चंद्र यादव, सोमनाथ यादव, जगदीश यादव, वसीमुद्दीन खान, राज नारायण यादव, अशोक यादव, शोभनाथ यादव, डॉ. धनराज यादव, श्याम देव चौहान, पप्पू कुमार यादव, दुर्गेश यादव, राम सिंगार यादव, शिवनारायण सिंह 'सिंह बाबा', जोरार खान, विवेक सिंह, द्रौपदी पांडे, बबीता चौहान, सुशील आनंद, संतोष कुमार गौतम, सिंगारी गौतम, सना परवीन, राजबहादुर यादव, लल्लन चौहान, राजेश यादव, प्रदीप यादव, शैलेंद्र यादव, कमलेश यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)