वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया पुलिसकर्मियों का मनोबल
आजमगढ़। हत्या के एक जघन्य मामले में न्यायालय से पांच आरोपियों को आजीवन कारावास व ₹61,500 के अर्थदंड की सजा दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह बुधवार को पुलिस कार्यालय आजमगढ़ में आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि थाना जहानागंज, जनपद आजमगढ़ में पंजीकृत मुकदमा में अभियुक्तगण राजकुमार पुत्र भगेलू, दीपक उर्फ अमित, सतीश उर्फ डम्पी, मनीष उर्फ पप्पी एवं आशा पत्नी राजकुमार, निवासी बड़ौरा खुर्द को न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास एवं कुल ₹61,500 के अर्थदंड से दंडित किया गया है। इस प्रकरण में प्रभावी विवेचना, सशक्त साक्ष्य संकलन एवं न्यायालय में सटीक पैरवी के चलते अभियोजन को सफलता मिली। इस सराहनीय उपलब्धि में योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों में तत्कालीन विवेचक उप निरीक्षक विनय सिंह, मुख्य आरक्षी गजानन सरोज, मुख्य आरक्षी जलील अली, आरक्षी ओम प्रकाश यादव तथा आरक्षी कुलदीप पटेल शामिल हैं। सभी को ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों के कर्तव्यनिष्ठा, परिश्रम और अनुशासन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही जनपद के अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रभावी विवेचना एवं सशक्त पैरवी के माध्यम से अपराधियों को सजा दिलाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।





