आजमगढ़ : UPSC सिविल इंजीनियरिंग परीक्षा में गौरव पाण्डेय को प्रदेश में 58वां रैंक

Youth India Times
By -
0

 


पहले ही प्रयास में मिली सफलता, परिजनों और क्षेत्रवासियों में हर्ष
परिश्रम और लगन से मिली कामयाबी, बधाइयों का लगा तांता
आजमगढ़। यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल इंजीनियरिंग परीक्षा में गौरव पाण्डेय ने प्रदेश में 58वां रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। बताया गया कि विगत माह अगस्त में UPSC की सिविल इंजीनियरिंग परीक्षा आयोजित हुई थी। इसमें सठियांव ब्लॉक में कार्यरत ग्राम विकास सचिव प्रभाकर पाण्डेय के पुत्र एवं बिलरियागंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत रसूलपुर नन्दलाल निवासी गौरव पाण्डेय ने प्रतिभाग किया था। परिणाम घोषित होने पर उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में 58वां रैंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। गौरव पाण्डेय इससे पूर्व हरियाणा में इसी पद पर तैनात थे। अब भारत सरकार के अधीन सेवा में चयनित होने का उनका मार्ग प्रशस्त हो गया है। उनकी इस उपलब्धि से माता-पिता अत्यंत प्रसन्न हैं। पिता सरकारी कर्मचारी हैं, जबकि माता गृहिणी हैं।बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय से अध्ययन कर आईआईटी की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद गौरव पाण्डेय ने UPSC की परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि परिश्रम और समर्पण से बड़ी से बड़ी सफलता प्राप्त की जा सकती है।सफलता पर खंड विकास अधिकारी हरिमोहन सिंह, एडीओ (पंचायत) सुभाष चंद शर्मा, एडीओ आईएसबी राजेश सिंह, सचिव उमाशंकर गौतम, राम सिंह, हरिकेश राय, संतोष सिंह, मनोज सिंह, ग्राम प्रधान राम अवध चौहान, सुरेन्द्र यादव, जीवनाथ यादव, राजेश यादव, जितेन्द्र कुमार सहित अनेक लोगों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)