सगाई के एक सप्ताह बाद सिपाही ने लगाई फांसी

Youth India Times
By -
0

 










अधिकारियों सहित फॉरेंसिक टीम पहुंची, जांच में जुटी
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बिथरी चैनपुर थाने में तैनात सिपाही शिव कुमार ने गुरुवार दोपहर अपने किराए के कमरे में फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मृतक के परिवार को सूचना दे दी गई है।
इंस्पेक्टर चंद्र प्रकाश शुक्ला ने बताया कि शिव कुमार सिंह (2021 बैच) मूल रूप से मेरठ के थाना फलावदा के गांव खाता के निवासी थे। उनकी तैनाती 8 अप्रैल 2023 को बिथरी चैनपुर थाने में हुई थी। वह बिथरी गांव में भूरे कश्यप के मकान में किराए पर रहते थे और उनके साथ तीन अन्य कांस्टेबल सचिन, विकास और आकाश भी रहते थे। शिव कुमार तीन दिन पहले ही छुट्टी से ड्यूटी पर लौटे थे।
बुधवार रात ड्यूटी के बाद गुरुवार को शिव कुमार अपने कमरे पर थे। दोपहर में उनके साथी अन्य कमरे में आराम कर रहे थे। शिव कुमार अकेले दूसरे कमरे में गए और काफी देर तक वापस नहीं लौटे। साथी कांस्टेबलों ने जब कमरे का दरवाजा खटखटाया तो वह अंदर से बंद था। अंदर झांकने पर शिव कुमार का शव गमछे के सहारे पंखे से लटकता मिला। साथियों ने तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों को दी।
पुलिस के अनुसार, शिव कुमार पिछले सप्ताह अपनी सगाई के बाद से गुमसुम रहने लगे थे। उनके साथी कांस्टेबलों ने बताया कि छुट्टी से लौटने के बाद वह पहले की तरह बातचीत नहीं कर रहे थे। हालांकि, आत्महत्या का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया, "बिथरी चैनपुर थाने में तैनात सिपाही शिव कुमार ने गुरुवार दोपहर फंदा लगाकर आत्महत्या की है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। मृतक के परिवार को सूचित कर दिया गया है।" पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की गहन जांच में जुटी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)