गांधी हाउस बना विजेता, निर्णायकों ने की बच्चों की प्रशंसा
आजमगढ़। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल समेदा में 08 अगस्त को रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एक भव्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कक्षा 3 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कला व प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय के बच्चों को चार हाउस बोस, गांधी, आजाद और नेहरू में विभाजित किया गया, जिन्हें क्रमशः रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस, श्री कृष्ण जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी जैसे विषयों पर कलाकृतियां तैयार करने का दायित्व सौंपा गया। सभी हाउस ने पूरे समर्पण के साथ अपने-अपने विषयों पर शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में शामिल विद्यालय के आवासीय प्रबंधक अनिरुद्ध जयसवाल और प्रधानाचार्य विनंजय शर्मा ने सभी हाउस की कलाकृतियों का बारीकी से निरीक्षण किया। परिणामों की घोषणा में गांधी हाउस ने प्रथम, आजाद और बोस हाउस ने द्वितीय, तथा नेहरू हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जयसवाल ने महाभारत के द्रौपदी-श्रीकृष्ण प्रसंग का उदाहरण देते हुए रक्षाबंधन के महत्व को समझाया। प्रधानाचार्य श्री शर्मा, उप-प्रधानाचार्या संगीता राय, समन्वयक कुनाल गुप्ता और प्रबंधक प्रशांत चंद्रा ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






