अयोध्या। उप्र के अयोध्या जनपद के सहादतगंज के मुरावन टोला में एक नवविवाहित जोड़े की सुहागरात के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से हड़कंप मच गया। कमरे के अंदर 24 वर्षीय दूल्हा प्रदीप का शव पंखे से लटका मिला, वहीं 22 वर्षीय दुल्हन शिवानी बिस्तर पर मृत मिली। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार सात मार्च को प्रदीप और शिवानी की शादी हुई। आठ मार्च को बरात सोहावल के ड्योढ़ी से वापस घर लौटी। रविवार को घर में बहुभोज का आयोजन होना था। रविवार की सुबह जब काफी देर तक दोनों कमरे से बाहर नहीं आए, तो परिजन चिंतित हुए, दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिलने पर खिड़की तोड़ी गई तो अंदर का नजारा देख सभी दंग रह गए। पुलिस घटनास्थल पर जांच कर रही है। घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। घर पर भीड़ जमा हो गई। हर कोई घटना से स्तब्ध है। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने मौके पर पहुंच घटना पर शोक जताया। परिवारवालों से इस बारे में जानकारी ली।