आज़मगढ़/मऊ। आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में युवा भोजपुरी गायक शुक्रवार की शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। वह मऊ के कोपागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी था। दो माह पहले सड़क हादसे में घायल गायक का उपचार चल रहा था।
इस घटना की जानकारी गांव में पहुंचते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। मृतक उपेंद्र यादव (29) पुत्र सुरेश भोजपुरी गायन का काम करता था। बेहद कम समय ही उपेंद्र यादव सैकड़ों भोजपुरी गाना रिलीज कर उभरता हुआ सितारा बन चुका था। बताते चले कि बीते सात दिसंबर को उपेंद्र यादव अपनी स्कूटी से मऊ से अपने घर जा रहा था। वह जैसे ही सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव स्थित नक्षत्र मैरेज हाॅल के पास पहुंचा था, तभी पहसा की ओर से आ रही बेकाबू कार ने टक्कर मार दी। मृतक दो बहन व दो भाइयों में दूसरे नंबर पर था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार, उपेंद्र बहुत ही होनहार था। पिता खेती करते हैं। उपेंद्र ही घर में एक कमाऊ था। वही घर का खर्च देखता था। वह अपनी बड़ी बहन रिना यादव व छोटी बहन रिमा व छोटा भाई सतेंद्र यादव की शादी कर चुका था। हादसे को लेकर बीते आठ दिसंबर को उपेंद्र के चाचा राम अलम यादव ने आरोपी चालक के खिलाफ सरायलंखसी थाना में मुकदमा दर्ज कराया था।