एसपी ऑफिस में दरोगा और सिपाहियों से भिड़े भाजपा कार्यकर्ता

Youth India Times
By -
0
1 इंस्पेक्टर और 2 सिपाहियों सहित पांच लोग हुए घायल

उरई। यूपी के उरई में शनिवार दोपहर एसपी ऑफिस में भाजपा कार्यकर्ता पुलिसकर्मियों से उलझ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से हाथापाई होने लगी। इससे हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया। वहीं, 2 भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा 1 इंस्पेक्टर और 2 सिपाहियों को भी चोटे आई हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष ने मारपीट का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है। वहीं दोनों पक्षों का अस्पताल में मेडिकल कराया गया है। चुर्खी थाना क्षेत्र के बैरई के भाजपा मंडल उपाध्यक्ष महेवा सुधीर सिंह से थानाध्यक्ष चुर्खी से मिट्टी खनन को लेकर कहासुनी हुई थी। इस पर शुक्रवार रात भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंच हंगामा काटा था। इसी बात को लेकर शनिवार दोपहर सुधीर सिंह की पैरवी में भाजपा महेवा मंडल अध्यक्ष रिसाल सिंह और मंडल उपाध्यक्ष राममोहन चतुर्वेदी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे थे। एसपी से शिकायत करने के बाद बाहर निकलते ही भाजपा कार्यकर्ता गाली-गलौज करने लगे। पुलिसकर्मियों ने इसका विरोध करते हुए भाजपाइयों को वहां से जाने के लिए कहा। इस पर भाजपाई उखड़ गए और पुलिसकर्मियों से हाथापाई करने लगे। मारपीट के कारण भाजपा के रिसाल सिंह और राममोहन चतुर्वेदी के साथ एक इंस्पेक्टर और दो सिपाहियों को भी चोटें आईं। इसके बाद सूचना भाजपा कार्यकर्ताओं को मिली तो जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी के साथ कई कार्यकर्ता कार्यालय पहुंचे और मारपीट का आरोप लगाया। साथ ही घायल पुलिस कर्मियों को भी डॉक्टरी के लिए भेजा गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)