आजमगढ़: रिटायर्ड दरोगा के घर से लाखों के गहने ले भागे उचक्के

Youth India Times
By -
0
बर्तन व जेवरात साफ करने के नाम पर बनाया शिकार


आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी एक रिटायर्ड दरोगा के घर से उचक्कों ने साफ करने के नाम पर लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। उचक्कों के करतूत से पूरा परिवार हतप्रभ है। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है। भगवानपुर गांव निवासी जगन्नाथ यादव पुलिस विभाग से सेवानिवृत दरोगा है। शनिवार को दिन में लगभग 12 बजे एक बाइक सवार दो युवक उनके घर पर पहुंचे। उस समय परिवार की महिलाएं ही घर पर मौजूद थी। युवकों ने बताया कि वे बर्तन व जेवरात आदि साफ करने का काम करते हैं। पहले उन्होंने पीतल व तांबे के बर्तन मंगा कर उसे साफ किया। इसके बाद चांदी के पायल आदि की सफाई की। विश्वास जमने पर दोनों युवकों ने कहा कि अन्य जो भी सोने-चांदी के जेवरात हैं, उसे लेकर आए ताकि उन्हें भी साफ कर दूं। इसके बाद महिलाओं ने पहने हुए और कुछ अन्य जेवरात भी साफ करने को दे दिया।
दोनों ने जेवरातों को एक गहरे बर्तन में डाल दिया। इसके बाद ऊपर से ढक्कन बंद कर घर में कुछ देर रख देने को बोला। परिजन उस बर्तन को घर के अंदर ले जाकर रखने गए तो ढक्कन खोला। बर्तन में कुछ भी नहीं था। दूसरी तरफ, बाइक सवार दोनों युवक मौके से भाग निकले। परिजनों ने कुछ दूर तक दोनों युवकों का पीछा भी किया, लेकिन असफल हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस पड़ताल में जुट गई। रिटायर्ड दरोगा ने बताया कि दोनों युवकों ने खुद को पतंजलि का एजेंट बताया था। वे लगभग आठ लाख के जेवरात लेकर फरार हुए हैं। इस बाबत अतरौलिया एसओ वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल भी किया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)