आजमगढ़: विवाहिता के हत्यारे पिता-पुत्र गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0
घर में ही दफना दिया था शव
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’

आजमगढ़। गुरुवार की रात महराजगंज थाना क्षेत्र के जजमनजोत गांव में दहेज को लेकर नवविवाहिता की हत्या कर उसका शव घर में गड्ढा खोदकर दफनाने के बाद चल रहे पिता-पुत्र को पुलिस ने शनिवार की सुबह इब्राहिमपुर गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। बताते चलें कि महेंद्र निवासी ग्राम आराजी नैनीजोर थाना रौनापार के बहन अनीता की शादी लगभग पांच माह पूर्व महराजगंज क्षेत्र के जजमनजोत गांव निवासी सूरज गोंड के साथ हुई थी। शादी के उपरांत ससुराल वाले अनीता के मायके वालों से मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। अनीता के भाई महेंद्र ने बहन के ससुराल वालों को 40 हजार रुपए देकर हाथ जोड़ लिए लेकिन ससुराल वाले शेष रकम की मांग करते रहे। आरोप है कि इसके लिए अनीता को ससुराल में प्रताड़ित किया जाने लगा। विरोध करने पर नवविवाहिता के साथ मारपीट भी की जाती थी। गुरुवार की रात ससुराल में रह रही अनीता को उसके पति और ससुर ने बुरी तरह मारपीट कर मार डाला। दहेज लोभियों ने बेरहमी की हद पार करते हुए घर में गड्ढा खोदकर शव को दफनाने के बाद घर में ताला लगाकर फरार हो गए। गांव वालों के माध्यम से घटना की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर में दफनाए गए शव को बरामद कर लिया। इस मामले में मृतका के भाई महेंद्र द्वारा आरोपित बहन अनीता के पति सूरज एवं ससुर गुलाब गोंड के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने फरार चल रहे पिता -पुत्र को शनिवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)