ऑस्कर विजेता पिंकी के घर पहुंचा वन विभाग का नोटिस

Youth India Times
By -
0
मकान गिराने का आदेश, वन विभाग की जमीन पर बना है घर


मिर्जापुर। मिर्जापुर का चुनार तहसील 2009 में पिंकी के ऑस्कर अवार्ड विजेता बनने पर जिला ही नहीं प्रदेश विश्व पटल पर सुर्खियां बटोर चुका है। डाक्यूमेंट्री फिल्म इस्माइल पिंकी के चलते पिंकी के गांव में मजमा लगा था। अब उसी पिंकी के मकान को गिराने के लिए वन विभाग ने नोटिस जारी किया है। सरकारी खर्च से बने इंदिरा आवास को वन विभाग की जमीन पर बना हुआ बताया जा रहा है। पिंकी के पिता समेत 28 लोगों को नोटिस दिए जाने से हड़कंप मचा हुआ है।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि राजस्व और वन विभाग को निर्देशित किया गया है। किसी के साथ भी अन्याय नहीं होगा। अहरौरा थाना क्षेत्र के रामपुर ढबही गांव 2009 में अचानक रातों-रात सुर्खियों में आ गया था। जब यहां की रहने वाली पिंकी के ऊपर बनी लघु फिल्म इस्माइल पिंकी को ऑस्कर अवार्ड घोषित किया गया था। उस दौरान झोपड़ी में रहने वाली पिंकी को रहने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक मकान भी बनवाकर दिया गया था। अब पिंकी समेत कुल 28 लोगों को वन विभाग ने अपनी जमीन पर बनाए गए मकान को हटाने का नोटिस पकड़ा दिया है। सत्यनारायण पाल का कहना है कि हम लगभग 50 से 70 वर्ष से यहां मकान बनाकर रह रहे हैं। इतने दिनों तक किसी को कोई आपत्ति नहीं थी। अब अचानक से वन विभाग ने नोटिस पकड़ा दिया है। इस्माइल पिंकी फिल्म की किरदार पिंकी भी काफी परेशान है। उसने प्रशासन के ऊपर सवाल उठाते हुए कहा कि जब वन विभाग की जमीन थी तो उसी वक्त वन विभाग को कहना था। उसने प्रशासन से अपील की है कि किसी का भी मकान हटाया ना जाए। पिंकी की मां शिमला देवी भी काफी आश्चर्यचकित हैं। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि नोटिस का मामला मेरे संज्ञान में आया है। राजस्व और वन विभाग की टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया है। किसी के भी साथ अन्याय नहीं होगा। मामले का तर्कसंगत और न्याय पूर्ण निस्तारण किया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)