तीन दिन पहले दोपहर में घर से हुआ था गायब
आजमगढ़। दीदारदगंज थाना क्षेत्र के मार्टिनगंज-सिसवारा मार्ग पर सड़क के किनारे आज सुबह एक अधेड़ की लाश मिलने पर राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहंुची पुलिस ने शव की पहचान करवाना शुरू कर दिया। मृतक की पहचान राजकुमार उम्र 45 वर्ष पुत्र महाजन राम निवासी ग्राम सुरहन थाना दीदारगंज के रूप में की गयी।
परिजनों ने बताया कि मृतक बीते बुधवार की दोपहर करीब 2 बजे घर से निकला था लेकिन शाम तक वापस नहीं आया। मृतक गांव में ही खेतीबारी करके परिवार का पालन पोषण करता था। उसके दो बच्चे हैं। पत्नी विद्या का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष दीदारगंज नदीम अहमद फरीदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।