तो क्या यह भाजपा सांसद थामेगा सपा का दामन

Youth India Times
By -
0

शिवपाल यादव ने खुलकर दिया जवाब
बलिया। वरुण गांधी को लेकर इन दिनों कयासों का बाजार गर्म है। उनका बीजेपी से मोहभंग होने और पार्टी छोड़ने की चर्चाएं आम हैं। कांग्रेस में उनके जाने की संभावनाएं राहुल गांधी के बयान के बाद लगभग बंद हो चुकी हैं। ऐसे में अब वरुण गांधी के सपा में जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। पिछले दिनों वरुण ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तारीफ भी की थी। वरुण गांधी के सपा में जाने के कयासों पर गुरुवार को शिवपाल यादव से भी सवाल किया गया। अन्य सवालों का जवाब भले ही शिवपाल ने गोलमोल दिया या अखिलेश पर छोड़ दिया लेकिन वरुण के सवाल पर दो टूक कहा कि भाजपा की भ्रष्ट सरकार को हटाने के लिए जो भी साथ आए उसका स्वागत है। शिवपाल के जवाब से यह स्पष्ट हो गया है कि वरुण गांधी के लिए सपा के दरवाजे खुले हुए हैं।
पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी पार्टी में लंबे समय से साइडलाइन चल रहे हैं। बताया जाता है कि इसकी वजह से वह पार्टी से नाराज हैं। उनकी नाराजगी अक्सर सामने आती रहती है। पिछले दिनों उन्होंने नेहरू के पक्ष में टिप्पणी की। इसके अलावा राहुल गांधी की तरह उन्होंने हिंदू-मुस्लिम की राजनीति पर भी हमला बोला था।
शिवपाल यादव गुरुवार को बलिया में आयोजित एक कार्यक्रम के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने मीडिया के कई सवालों का जवाब दिया। शिवपाल यादव ने प्रदेश सरकार पर करारा हमला बोला। कहा कि सपा भगवान राम व कृष्ण को मानने वाली और उनके विचारों पर चलने वाली पार्टी है। भाजपा सरकार के उत्पीड़न के खिलाफ सपा के लोग संघर्ष के पथ पर निकलेंगे और निश्चित है कि अब भाजपा की लंका जलेगी।
2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी एकता के सवाल पर शिवपाल ने कहा कि सपा अकेले ही उत्तर प्रदेश में भाजपा को हटाने के लिए सक्षम है। सभी समाजवादियों के एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य फिलहाल वर्ष 2024 के आम चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाने तथा वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को यूपी का मुख्यमंत्री बनाना है। अपर्णा यादव के सपा में शामिल होने के सवाल पर कहा कि वह परिवार की बहू हैं। परिवार के सुख-दुख में हमेशा शरीक होती हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)