आजमगढ़ : वृद्ध हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0






15 साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह, पुलिस ने आरोपी अभय उर्फ मत्तू को दबोचा; तमंचा, चाकू और खून से सने कपड़े बरामद

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा गांव में 70 वर्षीय वृद्ध भुआल चौहान की गला रेतकर की गई हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी अभय चौहान उर्फ मत्तू को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार 10/11 जून की रात भुआल चौहान अपने घर के बाहर स्थित पशुशाला के पास बने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी थी। मामले में मृतक के पुत्र कर्मराज चौहान की तहरीर पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गठित पुलिस टीम को सूचना मिली कि हत्याकांड से जुड़ा आरोपी अवैध असलहे के साथ मोटरसाइकिल से बंशी बाजार-उकरौड़ा मार्ग होते हुए एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाला है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद आरोपी ने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। पूछताछ में आरोपी अभय चौहान उर्फ मत्तू ने बताया कि लगभग 15 वर्ष पूर्व उसकी मां के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर वह भुआल चौहान से रंजिश रखता था। इसी दुश्मनी के चलते उसने सोते समय चाकू से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त चाकू सहित दो चाकू, खून लगा गमछा तथा खून से सनी टी-शर्ट बरामद की है। मामले में हत्या, आर्म्स एक्ट और पुलिस पर फायरिंग से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)