बाबू की गिरफ्तारी के बाद वायरल ऑडियो-वीडियो से बढ़ा विवाद
विद्यालय प्रबंधक का दावा- एक लाख रुपये की मांग का बनाया था ऑडियो-वीडियो
आजमगढ़। बेसिक शिक्षा विभाग में कथित भ्रष्टाचार को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। अजमतगढ़ शिक्षा क्षेत्र के भरौली स्थित एक विद्यालय के प्रबंधक द्वारा लगाए गए आरोपों और सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो-वीडियो के बाद खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अजमतगढ़ कुलदीप नारायण सिंह चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। हालांकि बीईओ ने सभी आरोपों को साजिश करार देते हुए खारिज किया है। मामला उस समय सुर्खियों में आया जब बीएसए कार्यालय में तैनात बाबू आकाश यादव को कथित रूप से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आकाश यादव के साथ धर्मेंद्र राय उर्फ बब्लू राय के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधक चन्द्रशेखर शर्मा और खंड शिक्षा अधिकारी के बीच मान्यता प्रक्रिया को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आने लगीं। इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित ऑडियो-वीडियो और शिकायतकर्ता के बयानों ने मामले को नया मोड़ दे दिया। चन्द्रशेखर शर्मा का आरोप है कि उनके विद्यालय की मान्यता से संबंधित प्रक्रिया के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी, जिसका उन्होंने ऑडियो-वीडियो भी बना लिया था। प्रबंधक का कहना है कि ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग की जानकारी मिलने के बाद मान्यता संबंधी पूरी प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी कर दी गई। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को उजागर करना जरूरी है ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सके। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी कुलदीप नारायण सिंह ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि विद्यालय की मान्यता संबंधी प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की गई और मान्यता भी प्रदान कर दी गई है। उन्होंने पूरे प्रकरण को उन्हें फंसाने की साजिश बताया। हालांकि वायरल ऑडियो-वीडियो की यूथ इंडिया टाइम्स स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है, लेकिन मामले को लेकर उठे सवालों और दोनों पक्षों के बयानों ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर चर्चा तेज कर दी है। अब निगाहें जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं। चन्द्रशेखर शर्मा, प्रबंधक कृष्ण किंगडम स्कूल, भरौली ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा हमारे विद्यालय पर आकर एक लाख रुपये की घूस मांगी गई थी। हमने उसका ऑडियो-वीडियो बना लिया था। इसकी जानकारी होने के बाद मान्यता की पूरी प्रक्रिया बिना किसी हिला-हवाली के पूरी कर दी गई। ऐसे भ्रष्टाचारियों को सही जगह पहुंचाना जरूरी है।" वहीं कुलदीप नारायण सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी, अजमतगढ़ ने बताया कि हमें साजिश के तहत फंसाने की कोशिश की जा रही है। विद्यालय की मान्यता संबंधी प्रक्रिया पूरी कर दी गई थी और मान्यता भी मिल चुकी है।"






