अलाव ताप रहीं पांच किशोरियां झुलसीं, दो की हालत गम्भीर

Youth India Times
By -
0

अलीगढ़। अलीगढ़ के रोरावर क्षेत्र के महफूज नगर में शनिवार सुबह-सुबह अलाव पर ताप रही पांच किशोरियां संदिग्ध हालत में झुलस गईं। इनमें से दो को गंभीर अवस्था में जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मामले में एक किशोरी के परिवार ने मोहल्ले के दो युवकों पर गलत नजर रखने के इरादे से झुलसाने का आरोप लगाया है। मगर पुलिस ने इसे महज दुर्घटना माना है।
रोरावर महफूज नगर की पांच किशोरियां घर के दरवाजे पर अलाव पर ताप रही थीं। पुलिस के अनुसार इसी दौरान आग कमजोर पड़ने पर इनमें से एक किशोरी अपने घर से काला तेल लेकर आई और ऊपर से जलती लकड़ियों पर काला तेल उड़ेल दिया। आग की लपटें उठीं, जिससे सभी पांचों किशोरियों के कपड़ों ने आग पकड़ ली और पांचों झुलस गईं।
वहां चीख पुकार मचने पर परिजनों ने आग बुझाई। इस दौरान तीन कम झुलसीं, जबकि दो ज्यादा झुलस गईं। इस पर दोनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उनका उपचार किया गया। इस दौरान एक किशोरी की मां ने मोहल्ले के दो युवकों पर यह आरोप लगाया है कि वे दोनों बेटियों पर गलत नजर रखते हैं। पहले भी विवाद हो चुका है। उसी क्रम में इन दोनों ने तेल डालकर जानबूझकर आग लगाई है। बाद में वे दोनों भाग गए।
वहीं सीओ प्रथम ने इस बात को सिरे से नकारते हुए बताया कि बच्ची ने खुद ही काला तेल डाली थी और उसी आग में पांचों झुलस गईं। किसी ने आग नहीं लगाई।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)