आजमगढ़: सड़क हादसे में प्रधानाचार्य सहित दो की मौत, उप प्रधानाचार्य घायल

Youth India Times
By -
0

माहुल गौसपुर व मंगई नदी पुल के पास हुआ हादसा, दुर्घटना के बाद वाहन चालक फरार
आजमगढ़। जहानागंज व अहरौला थाना क्षेत्र में हुई मार्ग दुर्घटना में दो लोगों की जहां मौत हो गयी, वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जहानागंज पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गंभीर रूप से घायल को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं अहरौला में हुई दुर्घटना में मृत युवक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और शव को घर लेकर चले गये।
जहानागंज क्षेत्र के टेल्हुआ गांव में मंगई नदी पुल के पास रविवार की दोपहर अज्ञात वाहन के धक्के से निजी विद्यालय के प्रधानाचार्य की मौत हो गई। इस घटना में उप प्रधानाचार्य घायल हो गए। दोनो रिश्ते में मामा-भांजा हैं, एक ही बाइक से विद्यालय जा रहे थे। दुर्घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गाजीपुर जनपद के दुल्हपुर थाना क्षेत्र के सोम्मरडीह निवासी 58 वर्षीय राजेन्द्र तिवारी पुत्र कमला तिवारी जनपद के फिनीहीनी बोंगरिया के पास एक निजी विद्यालय में प्रधानाचार्य थे। इसी विद्यालय में राजेन्द्र तिवारी का भांजा 40 वर्षीय कौशल तिवारी पुत्र राजेन्द्र तिवारी निवासी खंडरायपुर थाना सरायलखंसी जनपद मऊ निवासी उप प्रधानाचार्य है। दोनों रविवार की दोपहर एक बाइक से विद्यालय पर जा रहे थे। चिरैयाकोट-मेंहनाजपुर मार्ग पर टेल्हुआ गांव में मंगई नदी पुल के पास पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया। मौके पर ही प्रधानाचार्य राजेन्द्र की मौत हो गई। उप प्रधानाचार्य कौशल तिवारी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया। जानकारी होते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घायल का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। हालत गंभीर बनी हुई है। राजेन्द्र पांच भाई में तीसरे स्थान पर थे। उनकी पांच बेटियां हैं।
इसी क्रम में अहरौला क्षेत्र के माहुल गौसपुर के पास रविवार की सुबह कार के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजन शव को लेकर घर चले गए। शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मकसूदिया गांव निवासी 22 वर्षीय शारिक पुत्र पप्पू अहमद रविवार की सुबह अंबारी से फुलवरिया जा रहा था। माहुल गौसपुर गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही कार ने धक्का मार दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक गाड़ी छोड़ कर फरार हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते पुलिस मैके पर पहुंच गई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के लिए प्रयास किया। परिजन तैयार नहीं हुए। शव लेकर घर चले गए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)