आजमगढ़: बधाई गाने पहुंचे किन्नर घर में लूटपाट कर हुए फरार

Youth India Times
By -
0

पवई थाना क्षेत्र के रामनगर की घटना
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में सोमवार की सुबह स्कार्पियो वाहन से नवजात के जन्म की बधाई गाने के बहाने पहुंचे किन्नरों ने घर में घुसकर परिवार की बहू के शरीर पर मौजूद जेवर लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर मुकामी पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जानकारी के अनुसार पवई थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी विनोद सिंह के दरवाजे पर सुबह करीब 9.30 बजे स्कार्पियो रुकी तो आसपास के लोगों ने यह समझा कि कोई रिश्तेदार आया होगा। वाहन चालक को छोड़ महिला वेशधारी पांचों किन्नर वाहन से उतरे और मकान के बरामदे में बैठे विनोद सिंह के नाती तुषार से पूछने लगे कि परिवार में कोई लड़का पैदा हुआ है। इस पर तुषार ने बताया कि हमारी मामी को एक वर्ष पहले लड़की पैदा हुई थी। उसके बाद तीन किन्नर बरामदे में बैठे रहे, जबकि दो घर में घुस गए। घर में सामने मिली विनोद सिंह की बहू सुप्रिया जब तक कुछ समझ पातीं किन्नर उसके गले से मंगलसूत्र व कान की बाली निकाल लिये। इसके बाद तेजी से बाहर निकलकर सभी वाहन में बैठकर भाग निकले। जानकारी पाकर गृहस्वामी विनोद सिंह ने घटना की सूचना पवई पुलिस को दी। सूचना के बाद थानाध्यक्ष रत्नेश दुबे किन्नरों की तलाश में निकले स्कार्पियो सवार लुटेरे किन्नरों का सुराग नहीं मिल सका। पीड़ित पक्ष द्वारा थाने में घटना की तहरीर दे दी गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)