22वीं मंजिल से कूदकर प्रेमी-प्रेमिका ने दी जान

Youth India Times
By -
0

फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद किया; फिर बालकनी से छलांग लगाई
नोएडा। ग्रेटर नोएडा की गौर सिटी में शुक्रवार की शाम 22वीं मंजिल से प्रेमी-प्रेमिका ने कूदकर सुसाइड कर लिया। दोनों के गिरने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग दौड़ आए। बिसरख थाना पुलिस ने बताया कि दोनों ने फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। इसके बाद बालकनी से दोनों ने छलांग लगा दी। पुलिस के पास दरवाजा खोलने के लिए चाभी नहीं थी। इसलिए बिल्डर को बुलाया गया है। कमरे का दरवाजा खोलने के बाद अंदर की स्थिति पता चल पाएगी। दोनों में से किसी भी शव के पास से सुसाइड नोट नहीं मिला है। जिस वजह से ये पता नहीं चल पा रहा है कि दोनों ने किस कारण आत्मघाती कदम उठाया था। शुरुआती जांच में पड़ोसियों ने बताया कि इस फ्लैट में रहने वाले दोनों भाई-बहन थे। लेकिन, जब इनके परिजनों से जानकारी जुटाई गई, तब सामने आया कि कूदने वाले दोनों प्रेमी-प्रेमिका थे। दरअसल, मृतक की शिनाख्त 28 वर्षीय सचिन के रूप में हुई। वो गाजियाबाद में ही रहता था। ये फ्लैट सचिन के बड़े भाई का था। वह अपनी बहन के साथ रहता था। शुक्रवार को भाई-बहन गाजियाबाद गए हुए थे। फ्लैट पर कोई नहीं था। उसके बाद सचिन गाजियाबाद में रहने वाली अपनी महिला दोस्त के साथ यहां पर आया था। अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ होगा। जिसके बाद दोनों ने बालकनी से छलांग लगा दी। एसीपी योगेंद्र सिंह ने बताया कि सचिन के बड़े भाई ने कुछ महीने पहले ही फ्लैट को खरीदा था। इसमें निर्माण भी अभी चल रहे थे। इस घटना के बाद अभी तक फ्लैट को खोला नहीं जा सका है। क्योंकि अंदर से ताला लगा हुआ है और उसकी चाबी अंदर ही है। परिजनों के आने के बाद फ्लैट को खोला जाएगा। तभी कोई स्थिति साफ हो पाएगी। अगर कोई सुसाइड नोट हुआ तो वह फ्लैट के अंदर ही होगा। फिलहाल दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)