आजमगढ़: बेरहम बरसात के चलते शहर में दिखा बाढ़ का दृश्य

Youth India Times
By -
0

नगर के निचले इलाकों में जलजमाव ने बढ़ाई दुश्वारियां
नालों पर हुए अतिक्रमण ने बढ़ाई मुसीबत
-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। जनपद में गुरुवार की रात बेरहम बारिश ने शहर क्षेत्र में बाढ़ का दृश्य उत्पन्न कर दिया। कुछ घंटों के लिए हुई बारिश के चलते शहर में जगह-जगह जल प्लावन की स्थिति बन गई। नगर के निचले इलाकों में घुसे पानी ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दिया है। बारिश ने नगर पालिका प्रशासन की भी पोल खोल कर रख दिया है। प्रशासनिक उदासीनता के चलते नालों पर किए गए अतिक्रमण के कारण हुए जलभराव ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दिया है।

गुरुवार की रात हुई बारिश की वजह से शहर के तमाम मुहल्लों में पानी भर गया है। नगर के पहाड़पुर वार्ड में स्थित शिक्षण संस्थाओं में पूरी तरह पानी भर गया। पहाड़पुर चैराहे से स्टेडियम तक सड़क पर घुटनों से ऊपर तक बारिश का पानी जमा है। पानी में घुसकर लोग आवागमन के लिए मजबूर हैं। सिविल लाइन क्षेत्र में तो और बुरी हालत है। यहां प्रतिष्ठानों के बेसमेंट में पानी घुस जाने से लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। नगरपालिका प्रशासन की उदासीनता के चलते नालों पर किए गए अतिक्रमण की वजह से सिविल लाइंस क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। बेसमेंट में घुसे पानी को निकालने के लिए लोग अपने स्तर से संसाधन जुटाकर निजात पाने की जुगत में लगे हुए हैं। सबसे बुरी हालत शहर के परानापुर इलाके की है। इस इलाके में जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही कई जनप्रतिनिधि भी निवास करते हैं। हरबंशपुर वार्ड में स्थित आरटीओ कार्यालय में पानी घुस जाने की वजह से परिवहन के कार्य पूरी तरह बाधित हैं। आरटीओ कार्यालय से परानापुर वाले मार्ग पर कमर तक पानी इकट्ठा है। इस इलाके में रहने वाले लोग ट्रैक्टर ट्राली पर सवार होकर आने- जाने के लिए मजबूर हैं। इस इलाके में रहने वाले लोग पिछले कई दिनों से जलभराव की मुसीबत झेल रहे हैं। इसी क्षेत्र में पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद, विधान परिषद सदस्य जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे लोग निवास करते हैं। उनके घरों में भी पानी घुसा हुआ है। इस इलाके में मकान बनवा कर रहने वाले लोग जलभराव के कारण अपनी किस्मत को कोसते नजर आए। पीड़ित लोगों ने जिला प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकृष्ट कराया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)