आजमगढ़: पूर्व सांसद व सपा विधायक के समर्थक आपस में भिड़े

Youth India Times
By -
0

दोनों पक्षों में जमकर चले ईंट पत्थर, दो महिलाएं हिरासत में
-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के हासापुर गांव में भूमि विवाद को लेकर पूर्व सांसद व सपा विधायक के समर्थक शुक्रवार की रात आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट पत्थर चले। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की एक-एक महिलाओं को हिरासत में लिया है।
अहरौला थाना क्षेत्र के हासापुर ग्राम निवासी साहबदीन यादव एवं उनके विपक्षी श्रृंगार यादव के बीच लंबे समय से भूमि संबंधी विवाद चल रहा है। साहबदीन यादव क्षेत्रीय सपा विधायक के समर्थक हैं जबकि उनके विपक्षी पूर्व सांसद के यहां रसोईया का कार्य करते हैं। बताते हैं कि दोनों पक्षों के बीच विवादित भूमि पर साहबदीन यादव का नलकूप स्थित है। शुक्रवार को दिन उक्त भूमि पर कब्जे के लिए दूसरा पक्ष पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों के बीच पथराव की घटना हुई और मामला थाने तक पहुंच गया। दिन में तो मामला शांत रहा लेकिन रात में एक पक्ष उक्त विवादित भूमि पर पहुंच कर उस पर बने नलकूप को ढहाना शुरू कर दिया। रात करीब 11 बजे इस बात की जानकारी जब दूसरे पक्ष को हुई तो वह लोग भी मौके पर विरोध करने पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट पत्थर चलने लगे। घटना की सूचना पाकर मुकामी पुलिस रात में मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की एक-एक महिलाओं को हिरासत में ले लिया। जबकि दोनों पक्षों के पुरुष सदस्य पुलिस पहुंचने से पूर्व इधर-उधर हो गए। मामला पूर्व सांसद एवं क्षेत्रीय सपा विधायक से जुड़े होने के कारण क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)