पंचायत चुनाव: सौ से अधिक हिस्ट्रीशीटर उतरे मैदान में

Youth India Times
By -
0

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 100 से ज्यादा हिस्ट्रीशीटर खुद या फिर अपने परिवारीजनों के जरिये चुनावी दंगल में कूदे हैं। हिस्ट्रीशिटरों या फिर उनके परिवारीजनों के नाम सामने आने के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है। थानेवार न सिर्फ सख्ती की जा रही है बल्कि उनकी निगरानी बढ़ा दी गई है। यही नहीं इस बात की भी जांच कराई जा रही है कि कहीं उन्होंने अपने शपथपत्र में गलत जानकारी तो नहीं दी है। पुलिस यह हिदायत भी दे रही है कि अगर कोई घटना उनके गांव में हुई तो इसके लिए वह ही जिम्मेदार माने जाएंगे। सबसे ज्यादा 87 दागी बड़हलगंज इलाके से चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा दर्जन भर अपराधियों के परिवारीजन भी यहां चुनाव लड़ रहे हैं। उसके बाद पीपीगंज में दस हिस्ट्रीशीटर या फिर उनके परिवारीजन चुनाव लड़ रहे हैं।
प्रधानी का है ज्यादा क्रेज-पीपीगंज क्षेत्र के ग्राम सभा नयनसर निवासी हिस्ट्रीशीटर ओमप्रकाश उर्फ भवनर की पत्नी प्रधान पद की प्रत्याशी है। वहीं पंजगांवा निवासी हिस्ट्रीशीटर अश्वनी सिंह की पत्नी प्रधान पद की प्रत्याशी हैं। इसी क्षेत्र के राजाबारी निवासी चुम्मन यादव की पत्नी भी प्रधान पद की प्रत्याशी है। जसवल निवासी हिस्ट्रीशीटर आनन्द निषाद की पत्नी प्रधान पद की प्रत्याशी हैं। पीपीगंज के अखिलेश उर्फ भोला यादव के भाई की पतोहू जिला पंचायत सदस्य की प्रत्याशी है। वहीं भीटी तिवारी गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर धीरेन्द्र मोहन उर्फ डिस्को की भाभी पंचायत चुनाव में प्रधान पद की प्रत्याशी हैं। पीपीगंज थाना क्षेत्र के जंगल कौडिया चैकी अन्तर्गत मेहदरीया गांव के निवासी गजानन्द यादव हिस्ट्रीशीटर की पत्नी प्रधान पद की प्रत्याशी हैं। वही फुलवरिया गांव के मुक्तेश्वर यादव उर्फ मुक्तिनाथ यादव हिस्ट्रीशीटर भी प्रत्याशी है। जंगल कौडिया के रमेश कुमार उर्फ टुन्ने जंगल कौडिया का हिस्ट्रीशीटर है। वहीं तुर्कवलिया का हिस्ट्रीशीटर योगेन्द्र यादव जो जेल में बंद है। उसका भाई चुनाव मैदान में है।
खोराबार में 56 हिस्ट्रीशीटर, तीन चुनाव में-खोराबार में 56 हिस्ट्रीशीटर में तीन चुनाव लड़ रहे हैं। रामलखना मल्लाह टोला के शिवशरन पुत्र छेदी प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ रहा है। वहीं प्यासी निवासी दिनेश जयसवाल भी ग्राम प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ रहा है। रामलखना गांव के राणा प्रताप बीडीसी पद का प्रत्याशी है।
पिपराइच में 79 हिस्ट्रीशीटर-पिपराइच थाना क्षेत्र में 79 हिस्ट्रीशीटर हैं जिसमें जंगल धूषण ब्लाक चरगांवा से हिस्ट्रीशीटर रामाश्रय निषाद पुत्र भग्गन निषाद प्रधान पद का प्रत्याशी है। बेलीपार थाना क्षेत्र में 49 हिस्ट्रीशीटर हैं जिसमें चार चुनाव मैदान में हैं। भौवापार से धर्मेन्द्र सिंह प्रधान पद पर चुनाव लड़ रहा है। गुलरिहा थाना क्षेत्र के दो हिस्ट्रीशीटर चुनाव लड़ रहे हैं इनमें बनगाई से प्रधान पद के लिए रामधनी निषाद हिस्ट्रीशीटर, एकला से रामधनी पासवान हिस्ट्रिशीटर चुनाव लड़ रहे हैं।
कैम्पियरगंज में चार हिस्ट्रीशीटर खुद मैदान में-कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के चार हिस्ट्रीशीटर स्वयं व अपनी पत्नियों को पंचायत चुनाव लड़ा रहे हैं। गेरूई खुर्द निवासी राजू यादव ने अपनी पत्नी पूनम देवी,लक्ष्मीपुर निवासी जीतन यादव ने अपनी पत्नी परमीला,राजपुर निवासी रमेश सिंह ने अपनी पत्नी अनीता सिंह को ग्राम प्रधान के लिए मैदान में उतारा है। वहीं बजही खोखरी निवासी दीनानाथ यादव ग्राम प्रधान के लिए खुद चुनाव मैदान में है।
बेलघाट में निर्विरोध बीडीसी सदस्य-बेलघाट थाना क्षेत्र में 27 हिस्ट्रीशीटर हैं। इसमें एक हिस्ट्रीशीटर मानवेन्द्र सिंह क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर निर्विरोध घोषित हुए हैं। गोला थाना में कुल 52 हिस्ट्रीशीटर हैं। जिसमें बारानगर का एक हिस्ट्रीशीटर जयप्रकाश यादव अपनी भाभी संध्या को प्रधानी का चुनाव लड़ा रहा है। उरुवा थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर विश्वजीत सिंह जिला पंचायत सदस्य का चुनाव तथा रजनीश यादव की पत्नी प्रधान पद के लिए चुनाव मैदान में हैं। बांसगांव थाने के 71 हिस्ट्रीशटर में से छह के परिवरीजन चुनाव मैदान में हैं। इसमें प्रमुख रूप से दुर्गा यादव ग्राम धौसा, प्रजापति उर्फ झनने शुक्ला ग्राम साइताल,राधे यादव ग्राम धस्का, सुरेंद्र सिंह व वीरेंद्र ग्राम पिपरा पीताम्बर,कैलाश ढाडी ग्राम घईसरा में इनके परिजन चुनाव लड़ रहे है। सिकरीगंज थाना क्षेत्र में 50 हिस्ट्रीशीटर हैं। फरेनिया निवासी पूर्व प्रमुख विनोद सिह स्वयं और अपनी पत्नी शालिनी सिंह दोनों लोग निर्विरोध क्षेत्र पंचायत सदस्य चुने गए हैं। बारीगांव निवासी पवन सिंह अपनी पत्नी खुशबू सिंह को जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा रहे हैं। इमलीडीह बुजुर्ग चिन्तेलाल अपनी भयहू को ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ा रहे हैं।
सर्वाधिक हिस्ट्रीशीटर बड़हलगंज में-बड़हलगंज क्षेत्र में 85 हिस्ट्रीशीटर हैं। पंचायत चुनाव में 78 प्रत्याशी ऐसे हैं जिनपर विभिन्न धारओ मे मुकदमा दर्ज हैं। जिसमें 57 प्रधान, 13 बीडीसी व 08 जिलापंचायत सदस्य बनने के लिए मैदान में हैं। चैरीचैरा के सोनबरसा खुद निवासी हिस्ट्रीशीटर जनार्दन यादव के भाई की पत्नी ग्राम प्रधान की प्रत्याशी हैं। इसी थाना क्षेत्र के शत्रुघनपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर अशोक चैहान की बहू चुनाव मैदान में है। झंगहा से हिस्ट्रीशीटर व अन्य मिलाकर करीब 26 दागी या तो खुद चुनाव मैदान में हैं या फिर उनके परिवार के लोग चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं हरपुरबुदहट से हिस्ट्रीशीटर संजय यादव की पत्नी चुनाव मैदान में है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)