आजमगढ़ : कोचिंग संचालक और चचेरे भाई को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वीडियो वायरल

Youth India Times
By -
0

लाठी-डंडे, रॉड और हंसिये से हमले का आरोप; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, पीड़ित ने गिरफ्तारी की उठाई मांग

रिपोर्ट : दुर्गेश यादव
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के गजेंधरपट्टी भेदौरा गांव में दबंगई का मामला सामने आया है। यहां कुछ लोगों ने कोचिंग संचालक और उनके चचेरे भाई पर हमला कर दिया। दोनों युवकों की दौड़ा-दौड़ाकर पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित पक्ष ने हमलावरों पर लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और हंसिये से हमला करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी पंकज राजभर कोचिंग सेंटर चलाते हैं। उनका आरोप है कि कोचिंग के सामने कुछ लोग मीट काटने के बाद उसका कचरा फेंक देते हैं। इससे कोचिंग में पढ़ने आने वाले बच्चों और राहगीरों को परेशानी होती है। इसको लेकर उन्होंने कई बार संबंधित लोगों को मना किया था, लेकिन इस बात को लेकर अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी।
पीड़ित के मुताबिक, बीते गुरुवार को उनके चाचा निरहू राजभर के फसल लगे खेत में विपक्षी जबरन पानी भरने लगे। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया और मारपीट होने लगी। इसकी जानकारी मिलने पर पंकज मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान विपक्षियों ने पुरानी रंजिश को लेकर उन्हें निशाना बना लिया और दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया।
पंकज का आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और हंसिये से हमला किया, जिससे उनके सिर में कई जगह गंभीर चोटें आईं। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग दो युवकों को दौड़ाकर पीटते दिखाई दे रहे हैं।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने अतरौलिया थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने मामले में हल्की धाराओं में कार्रवाई की है और आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं। पीड़ित ने निष्पक्ष जांच, उचित धाराओं की बढ़ोतरी और आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजने की मांग की है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)