आजमगढ़ : भीषण हादसे में आजमगढ़ के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, महिला गंभीर

Youth India Times
By -
0
दिल्ली से घर लौट रहा था परिवार, गन्ने से लदे ट्रैक्टर-ट्राले में पीछे से घुसी कार; सात वर्षीय इकलौते बेटे ने भी तोड़ा दम
आजमगढ़। गंगा एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में आजमगढ़ के एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा बहजोई थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब दिल्ली से आजमगढ़ लौट रही वैगनआर कार गन्ने से लदे ट्रैक्टर-ट्राले में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आजमगढ़ निवासी अजय कुमार (40), उनके सात वर्षीय इकलौते बेटे पीयूष और अजय के भाई राजकुमार (30) के रूप में हुई है। वहीं, अजय की पत्नी शैलेश कुमारी (38) गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें कार से बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, परिवार शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे दिल्ली से टैक्सी बुक कर आजमगढ़ के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में बहजोई थाना क्षेत्र में उनकी कार गन्ने से लदे ट्रैक्टर-ट्राले से टकरा गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय कार में सवार सभी लोग सो रहे थे। प्रारंभिक आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ।
घायल शैलेश कुमारी ने बताया कि वह कैंसर से पीड़ित हैं और दिल्ली में उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टर को दिखाने के बाद वह अपने पति, बेटे और देवर के साथ घर लौट रही थीं। हादसे के समय सभी लोग सो रहे थे, इसलिए उन्हें दुर्घटना के बारे में कुछ पता नहीं चला। टैक्सी चालक की जानकारी उनके पति के पास थी।
बहजोई थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त कार में शराब की बोतल भी मिली है। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है कि चालक नशे में था या उसे नींद की झपकी आने से हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
अजय कुमार राजमिस्त्री थे और पानी की बड़ी टंकियां बनाने का काम करते थे, जबकि उनके भाई राजकुमार कंप्यूटर का कारोबार करते थे। अजय का सात वर्षीय बेटा पीयूष उनकी इकलौती संतान था। एक ही हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से आजमगढ़ में परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक राजकुमार के रिश्तेदार पीयूष सिंह ने बताया कि शैलेश की हालत बेहद गंभीर है। उन्हें रात करीब 2:30 बजे व्हाट्सएप कॉल के जरिए पुलिस से हादसे की जानकारी मिली। वह महाराष्ट्र में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य संभल के लिए रवाना हो गए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)