आजमगढ़ : स्विफ्ट कार की टक्कर से तीन की मौत, सात घायल

Youth India Times
By -
0

ओवरटेक करने के प्रयास में तेज रफ्तार कार ने टेंपो को मारी जोरदार टक्कर, टेंपो के उड़े परखच्चे

रिपोर्ट : हर्ष चन्देल
फूलपुर (आजमगढ़)। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के बेलसिया गांव के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। ओवरटेक करने के प्रयास में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने सामने चल रहे टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
इस दुर्घटना में प्रमिला (51) पत्नी स्वर्गीय राजनाथ चौहान निवासी मकसुदिया और दिनेश (45) पुत्र पतिराज हरिजन निवासी नियाउज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अंतर्ध्यानी (60) पत्नी राम लवटन गौड़ निवासी करौजा ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी पांच बेटियां हैं।
हादसे में घायल लोगों में मो. अतहर (19) पुत्र अशहर और मो. उमैर (17) पुत्र आशिफ निवासी लखमापुर, थाना पवई, यूसुफ (19) पुत्र आफताब आलम निवासी टेऊंगा, फूलपुर, शादान (17) पुत्र मुन्ना निवासी उदपुर, मुस्तकीन (23) पुत्र खलील अहमद निवासी मुड़ियार ईदगाह तथा मो. अशरफ (38) पुत्र मो. इसहाक निवासी पलियाअदाई, फूलपुर शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि टेंपो में पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन की मौत हो गई, जबकि दो घायल हुए। वहीं स्विफ्ट कार में चालक समेत चार लोग सवार थे। वे भी हादसे में घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अंबारी पुलिस चौकी प्रभारी सतेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद फूलपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई की। हादसे में जान गंवाने वाली प्रमिला के पति की दो वर्ष पूर्व कैंसर से मौत हो चुकी थी। परिवार में उनके दो बेटे योगेंद्र (20), नागेंद्र (18) और दो बेटियां करीना (17), रबीना (16) हैं। मां की मौत से चारों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया। परिवार पहले ही पिता को खो चुका था, अब इस हादसे ने उनका सहारा भी छीन लिया। वहीं दिनेश की मौत से उनकी पत्नी प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल है। दिनेश के कोई संतान नहीं थी। हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस संबंध में फूलपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)