पुलिस ने दबिश देकर दोनों को पकड़ा, युवती को भगाने और मानव तस्करी के मामले में कई अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में
आजमगढ़। युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर उन्हें बिहार में बेचने वाले कथित गिरोह का आजमगढ़ पुलिस ने खुलासा किया है। थाना अहरौला पुलिस ने मानव तस्करी और युवती को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पति-पत्नी को बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दंपती युवतियों को अपने जाल में फंसाकर उन्हें दूसरे लोगों के हाथों बेचने का काम करते थे। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश और जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, 18 मार्च 2026 को थाना अहरौला क्षेत्र की एक महिला ने अपनी करीब 18 वर्षीय पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 70/2026 के तहत धारा 87 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान मानव तस्करी से जुड़े तथ्य सामने आने पर मुकदमे में धारा 143, 144 और 111 बीएनएस के साथ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 5 भी बढ़ाई गई।
युवती की तलाश में उपनिरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ बिहार के पूर्वी चम्पारण पहुंचे। सर्विलांस सेल की मदद से अभियुक्तों की लोकेशन प्राप्त की गई। इसके बाद 5 नवंबर को चकिया थाना क्षेत्र स्थित चनकपुरी महावीर आई अस्पताल के पास से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। 6 नवंबर को गिरफ्तारी की आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक राज ने कथित तौर पर बताया कि वह युवतियों को बहला-फुसलाकर प्रेमजाल में फंसाता था। इसके बाद अपनी पत्नी सितारा खातून के माध्यम से उन्हें अपने परिचित गफ्फार मियां और उसकी पत्नी बिन्द्या के हाथों बेच देता था। इसके बदले उसे रुपये मिलते थे, जिससे वह अपने परिवार का खर्च चलाता था।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह भी सामने आया कि गफ्फार मियां युवतियों का शारीरिक शोषण करने के बाद उन्हें बिहार के पूर्णिया जनपद के आसपास वेश्यावृत्ति के लिए बेच देता था। पुलिस अब इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
1. अभिषेक राज पुत्र अजय शर्मा, निवासी ग्राम तलवा गढ़ही, थाना गढ़हरिया बाजार, जनपद पूर्वी चम्पारण, बिहार।
2. सितारा खातून पुत्री मो. रफीक, पत्नी अभिषेक राज, निवासी ग्राम तलवा गढ़ही, थाना गढ़हरिया बाजार, जनपद पूर्वी चम्पारण, बिहार।

