बहन की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर लौट रहा था युवक, परिवार में मचा कोहराम
आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के शिया गांव के पास गुरुवार की रात सड़क पर अचानक सांड आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार, जहानागंज थाना क्षेत्र के कुंजी गांव निवासी सुशील चौहान (35) की बहन की शादी आगामी 21 नवंबर को होनी है। इसी सिलसिले में वह गांव के ही महिपाल चौहान (32) के साथ गुरुवार को शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने निकला था। रात करीब नौ बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। अभी वे शिया गांव के पास पहुंचे ही थे कि अचानक सड़क पर एक सांड आ गया। बाइक की सांड से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया, जिसके बाद दोनों को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान सुशील चौहान ने दम तोड़ दिया। वहीं, महिपाल चौहान का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। सुशील की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बहन की शादी की तैयारियों के बीच घर में मातम छा गया। मृतक के तीन बेटियां और एक बेटा है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
