मतदान केंद्रों के निरीक्षण और स्वगणना के शत-प्रतिशत लक्ष्य पर जोर, गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
रिपोर्ट : हर्ष चन्देल
आजमगढ़। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 और स्वगणना जनगणना की तैयारियों को लेकर फूलपुर तहसील क्षेत्र में प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। शुक्रवार को तहसील सभागार में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा सेक्टर ऑफिसर्स को निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। वहीं, स्वगणना जनगणना को सफल बनाने के लिए ब्लॉक सभागार में प्रगणकों, ग्राम पंचायत सचिवों, प्रशासकों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
तहसील सभागार में आयोजित निर्वाचन प्रशिक्षण के दौरान एसडीएम निकेत वर्मा ने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, निर्वाचन नियमों और उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी अभी से अपनी तैयारियां पूरी रखें। इसके तहत प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और संवेदनशीलता की स्थिति का आकलन करें तथा आवश्यक सूचनाएं समय से उपलब्ध कराएं।
दूसरी ओर, आगामी 16 से 30 नवंबर तक प्रस्तावित स्वगणना जनगणना को लेकर ब्लॉक सभागार में खंड विकास अधिकारी विनीत कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर अखिलेश यादव एवं मानबहादुर ने प्रगणकों, सचिवों, पंचायत प्रशासकों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को स्वगणना की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। साथ ही सही आंकड़ों के संकलन, ग्रामीणों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाने और जनसहभागिता सुनिश्चित करने के तरीकों पर प्रकाश डाला।
खंड विकास अधिकारी विनीत कुमार ने निर्देश दिया कि स्वगणना जनगणना के प्रति गांव के अंतिम व्यक्ति तक जागरूकता पहुंचाई जाए। ग्राम सचिव पंचायत भवनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बैठक आयोजित कर लोगों को प्रक्रिया की जानकारी दें। इस अभियान में पंचायत सहायकों, आशा कार्यकर्ताओं और रोजगार सेवकों का भी सहयोग लिया जाए। उन्होंने प्रगणकों को आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराने और कार्य में आपसी समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में सरकारी भवनों और प्राथमिक विद्यालयों में कैंप आयोजित कर प्रतिदिन शत-प्रतिशत स्वगणना का लक्ष्य हासिल करने का प्रयास करने के निर्देश भी दिए। प्रशासन की ओर से आयोजित दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य निर्वाचन और जनगणना से जुड़े कार्यों को समयबद्ध, व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से पूरा करना है। इस अवसर पर सचिव अखिलेश, विजयचंद, अरुण कुमार, अनिल, गुलाब शर्मा, खुशबू सिंह, गौरव कुमार, अनूप मौर्य, ममता श्रीवास्तव, संदेश सहित प्रशासक मोहम्मद अंजर, राम सिंगार यादव, धर्मेंद्र राम, अवध यादव, अनारसी यादव एवं अन्य क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।

