आजमगढ़ : पिकअप चालक से मारपीट के बाद 20 हजार रुपये की लूट

Youth India Times
By -
0

बाइक सवार तीन बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम
रिपोर्ट : पद्माकर मिश्रा
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्रा बाजार–मेहनगर मार्ग पर शनिवार की शाम बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने एक पिकअप चालक को निशाना बनाते हुए मारपीट कर 20 हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने इंडिकेटर नहीं देने की बात को लेकर चालक को रास्ते में रोककर विवाद शुरू किया और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, मेहनगर थाना क्षेत्र के दरगाह मेहनगर गांव निवासी सहलीम पुत्र आरिफ मैजिक वाहन लेकर मुहम्मदपुर गया था। शनिवार की शाम करीब 7:30 बजे वह वहां से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान मंगरावां रायपुर गांव स्थित पवन फिलिंग स्टेशन के पास पीछे से एक बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने इंडिकेटर नहीं देने की बात कहकर चालक से कहासुनी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और तीनों युवकों ने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में चालक के कपड़े तक फट गए। इसके बाद आरोपी वाहन में रखे 20 हजार रुपये लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। दिनदहाड़े नहीं, बल्कि शाम के समय हुई इस वारदात से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)