आवास, नाली की मरम्मत, पेंशन और शौचालय से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश, पात्रों को लक्ष्य मिलने पर आवास दिलाने का आश्वासन
रिपोर्ट : हर्ष चन्देल
फूलपुर (आजमगढ़)। शासन की मंशा के अनुरूप गांव की समस्याओं का समाधान गांव में ही कराने के उद्देश्य से फूलपुर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत मानपुर और हथिनोरा में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा उनके निस्तारण के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। ग्राम पंचायत मानपुर के पंचायत सचिवालय में खंड विकास अधिकारी फूलचंद सरोज की अध्यक्षता में चौपाल आयोजित हुई। सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक चली चौपाल में कुल तीन शिकायतें सामने आईं। पत्ती पत्नी सेवक ने आवास से संबंधित शिकायत की। इस पर खंड विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत अधिकारी विजयचंद से जवाब मांगा। ग्राम पंचायत अधिकारी ने बताया कि पत्ती का नाम पात्रता सूची में शामिल है। शासन से लक्ष्य प्राप्त होने पर नियमानुसार आवास के लिए चयन किया जाएगा। वहीं, सरिता दिनेश ने नाली की मरम्मत कराने की मांग रखी। इस पर बताया गया कि संबंधित कार्य का नाम वर्तमान कार्ययोजना में शामिल नहीं है। इसे अनुपूरक कार्ययोजना में शामिल कर धनराशि उपलब्ध होने पर प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। नाली जाम होने की शिकायत पर खंड विकास अधिकारी ने गांव में तैनात सफाईकर्मी सुमन और रिंकू को एक सप्ताह के भीतर नाली की सफाई पूरी कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। इसी क्रम में ग्राम पंचायत हथिनोरा के पंचायत भवन में नोडल अधिकारी जितेंद्र बहादुर, जेई एमआई की अध्यक्षता में चौपाल आयोजित हुई। यहां ग्रामीणों की चार शिकायतें सामने आईं। इनमें तीन ग्रामीणों ने आवास की मांग रखी। ग्राम पंचायत अधिकारी ने सूची की जांच की तो रेखा, नैना और चंद्रकला के नाम पात्रता सूची में मिले। उन्हें बताया गया कि आवास का लक्ष्य प्राप्त होते ही नियमानुसार चयन कर लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं, पाराना देवी ने वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर नोडल अधिकारी ने बैंक खाते की केवाईसी कराने की सलाह दी। शबनम पत्नी फौजदार ने शौचालय की मांग की। ग्राम पंचायत अधिकारी अनिल कुमार ने ऑनलाइन आवेदन कराने और सत्यापन के बाद सरकारी अनुदान दिलाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। दोनों ग्राम पंचायतों के अधिकारियों ने चौपाल में प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की लिखित सूचना खंड विकास अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई। इस अवसर पर प्रशासक कुंजन गौतम, शबाना, सर्वजीत, एडीओ एसटी अनिल कुमार, उमेश कुमार, मनीषा, पंचम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, सफाईकर्मी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

