राम, सीता और लक्ष्मण के स्वरूप में सजे बच्चों का हुआ पूजन, गीत और समूह नृत्य की प्रस्तुतियों से भक्तिमय हुआ विद्यालय परिसर
आजमगढ़। हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रांगण में दुर्गा पूजा और दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने दुर्गा पूजा गीत और समूह नृत्य प्रस्तुत कर पूरे विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव, निर्देशिका कंचन यादव, प्रधानाचार्य सुकांशा अवस्थी तथा उपप्रधानाचार्य संजय कुमार विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद राम, सीता और लक्ष्मण के स्वरूप में सजे बच्चों का पूजन किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने दुर्गा पूजा गीत और समूह नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेंद्र प्रसाद यादव ने विद्यार्थियों को दुर्गा पूजा और दशहरे की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भगवान श्रीराम ने बुराई का अंत कर अच्छाई की जीत सुनिश्चित की, उसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अच्छे कर्म करने चाहिए और सदैव धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए। वहीं, प्रधानाचार्य सुकांशा अवस्थी ने भी बच्चों को दुर्गा पूजा और दशहरे की बधाई दी। उन्होंने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के बारे में संक्षिप्त जानकारी देते हुए उनके महत्व से बच्चों को परिचित कराया।कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

