आजमगढ़ : इंटरनेशनल कॉलिंग के जरिए टेलीकॉम राजस्व में धोखाधड़ी, दो साइबर अपराधी गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

16 मोबाइल, लैपटॉप, तीन सिम कार्ड और 4,690 रुपये बरामद; IPRN नंबरों पर VoIP कॉल के जरिए कमीशन लेने का आरोप

आजमगढ़। सरायमीर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अंतर्राष्ट्रीय कॉलिंग के जरिए टेलीकॉम राजस्व में धोखाधड़ी करने के आरोप में दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 16 मोबाइल फोन, डेल कंपनी का एक लैपटॉप, तीन खुले सिम कार्ड और 4,690 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 2 अक्टूबर 2026 को सरायमीर पुलिस और साइबर सेल की टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संजरपुर बाजार से करीब 200 मीटर आगे पोखरे के पास दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। तलाशी लेने पर उनके पास से उक्त सामान बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. ताबिश पुत्र जोरार अहमद, निवासी खुदादादपुर, थाना निजामाबाद, उम्र करीब 41 वर्ष और सलीम अहमद पुत्र जावेद अख्तर, निवासी खरेवां, थाना सरायमीर, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी जीशान पुत्र मोबीन, निवासी महाजनी टोला, सरायमीर के साथ मिलकर International Premium Rate Numbers (IPRN) पर VoIP के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय कॉल करने की बात बताई। आरोप है कि इन कॉलों को विभिन्न टोल-फ्री नंबरों से कनेक्ट कर अधिक समय तक सक्रिय रखा जाता था, जिससे प्रति मिनट के आधार पर राजस्व उत्पन्न होता और उसमें आरोपियों को कमीशन मिलता था। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल फोन और लैपटॉप में BESTIPRN.COM और ESSARTELECOM.NET से संबंधित लॉगिन आईडी और पासवर्ड के जरिए कॉल रूटिंग एवं कॉल बाईपास से जुड़ी जानकारी मिली है। आरोपियों ने कई बार USDT/क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से लेन-देन की बात भी बताई। मामले में थाना सरायमीर में मु0अ0सं0 247/2026, धारा 318(4), 319, 111, 317(2) बीएनएस और 66C/66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य विधिक कार्रवाई में जुटी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)