आजमगढ़ : युवक की हत्या के मामले में युवती समेत दो गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0
पुलिस ने आरोपितों के पास से मोबाइल फोन और दुपट्टा किया बरामद, 15 अक्टूबर को मिला था युवक का शव
आजमगढ़। जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित युवती और एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से मोबाइल फोन और एक दुपट्टा बरामद किया है। आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जहानागंज थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव निवासी चंद्रभान राम ने 16 अक्टूबर को मेंहनगर थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका 25 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार 15 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे कोचिंग पढ़ाने जाने की बात कहकर घर से निकला था। रात करीब आठ बजे दीपक ने फोन कर बताया कि वह उस दिन घर नहीं आएगा और अगले दिन सुबह लौटेगा। इसके बाद परिजनों को सूचना मिली कि दीपक का शव एक युवती के घर में पड़ा है। चंद्रभान राम ने युवती और मेंहनगर थाना क्षेत्र के करनेहुआ निवासी सुमित पर हत्या का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष अभिराज सरोज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार, 18 अक्टूबर को पवनी कला क्षेत्र से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सुमित की उम्र करीब 22 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)