ERONet पर हिंदी नाम समान होने से उठा सवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी कर रहे विस्तृत जांच
दस्तावेजों, फोटो और अन्य विवरणों के मिलान के बाद गांव में कराया गया स्थलीय सत्यापन
आजमगढ़। जनपद की मतदाता सूची में विकास यादव नाम एक से अधिक स्थानों पर प्रदर्शित होने के मामले में जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। जिला सूचना कार्यालय, आजमगढ़ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ERONet पोर्टल पर हिंदी में विकास यादव नाम के 10 मतदाता प्रदर्शित होने के बाद कुछ लोगों ने सवाल उठाया था कि एक ही व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में 10 जगह दर्ज है। प्रकरण की जांच के लिए संबंधित सभी 10 मतदाताओं के ERONet पोर्टल पर उपलब्ध विवरणों का मिलान किया गया। इसमें अंग्रेजी में दर्ज नाम, फोटो और अन्य जानकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत पहचान पत्रों एवं अन्य अभिलेखों की भी जांच की गई। संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा उस समय पोर्टल पर अपलोड किए गए ये दस्तावेज भी उपलब्ध पाए गए। अभिलेखों के मिलान के बाद संबंधित गांव में टीम भेजकर स्थलीय सत्यापन कराया गया। जिला सूचना कार्यालय के मुताबिक, सत्यापन के दौरान सभी 10 मतदाता अलग-अलग व्यक्ति पाए गए, जो वर्तमान में गांव में निवास कर रहे हैं। इस प्रकार, उपलब्ध दस्तावेजों और स्थलीय जांच के आधार पर एक ही व्यक्ति का नाम 10 स्थानों पर दर्ज होने की आशंका की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन के अनुसार, संबंधित मतदाताओं के हिंदी नाम में पाई गई विसंगति के संबंध में आगे की जांच जारी है। विस्तृत जांच आख्या प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर अग्रिम जानकारी दी जाएगी। जिला सूचना कार्यालय, आजमगढ़ द्वारा जारी सूचना में स्पष्ट किया गया है कि फिलहाल जांच में सभी 10 मतदाता अलग-अलग व्यक्ति पाए गए हैं, जबकि हिंदी नाम में समानता से जुड़ी विसंगति की जांच अभी पूरी नहीं हुई है।

