आजमगढ़ : खुद को जीवित बताने के लिए अब पेंशनरों को नहीं होना होगा परेशान

Youth India Times
By -
0
मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव 
अब घर बैठे जमा कर सकेंगे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र
मोबाइल पर जीवन प्रमाण ऐप डाउनलोड कर कराएं आधार आधारित सत्यापन, कोषागार में आनलाइन पहुंचेगा प्रमाण पत्र
आजमगढ़। कोषागार से पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया आसान हो गई है। अब पेंशनर घर बैठे डिजिटल माध्यम से अपने जीवित होने का प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि पेंशनरों को वर्ष में एक बार जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होता है। पहले इसके लिए कोषागार में स्वयं उपस्थित होना पड़ता था, लेकिन अब डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की सुविधा से यह प्रक्रिया आनलाइन पूरी की जा सकती है। उन्होंने बताया कि इसके लिए पेंशनर को अपने मोबाइल के गूगल प्ले स्टोर से जीवन प्रमाण ऐप डाउनलोड करना होगा। ऐप में पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) संख्या, बैंक खाता संख्या, आईएफएससी कोड, नाम और आधार संख्या सहित आवश्यक विवरण भरना होगा। इसके बाद आधार आधारित सत्यापन के लिए बायोमेट्रिक उपकरण से फिंगरप्रिंट या चेहरे के माध्यम से प्रमाणीकरण किया जा सकता है। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पेंशनर का डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र आनलाइन कोषागार में जमा हो जाएगा। इससे पेंशनरों को प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बार-बार कार्यालय जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। मुख्य कोषाधिकारी ने बताया कि कोषागार आजमगढ़ में भी आनलाइन जीवन प्रमाण पत्र से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए अलग व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। पेंशनर अपनी सुविधानुसार कोषागार में उपस्थित होकर इस प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)