भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष से जुड़े जमीन विवाद में विजय यादव ने थानाध्यक्ष पर लगाया दबाव बनाने का आरोप, हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन की मांग
आजमगढ़। जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र के नीबी गांव में स्थित आराजी संख्या 98 की जमीन को लेकर विवाद का मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तक पहुंच गया है। सदर तहसील के नैपुरा निवासी विजय यादव पुत्र रामबचन यादव ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर विवादित जमीन पर लगाए गए चेतावनी बोर्ड को हटाने के लिए कथित रूप से दबाव बनाए जाने की शिकायत की है। प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि रानी की सराय थानाध्यक्ष की ओर से बोर्ड हटाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और ऐसा नहीं करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने मामले में हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। विजय यादव की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, उनकी भाभी सरिता यादव पत्नी कमलाकांत यादव ने नीबी गांव, तहसील सदर, जिला आजमगढ़ स्थित आराजी संख्या 98 में 70 कड़ी रकबे की जमीन उसके मूल मालिक कोमल राय से बैनामा कराया था। आरोप है कि जमीन की खरीद के बाद कोमल राय के भतीजे विनोद राय पुत्र स्वर्गीय रामअवतार राय और उनके पुत्र निखिल राय, जो भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष बताए गए हैं, की ओर से जमीन को लेकर विवाद उत्पन्न किया गया। प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि नामांतरण की प्रक्रिया के जरिए जमीन के अन्य खरीदारों को भी परेशान किया जा रहा है। प्रार्थी का कहना है कि जमीन से संबंधित विवाद इलाहाबाद हाईकोर्ट तक पहुंचा है। उन्होंने अपने शिकायती पत्र में याचिका संख्या 3223/2026, शैलजाकांत बनाम उत्तर प्रदेश सरकार व अन्य का उल्लेख करते हुए कहा है कि सात अक्टूबर 2026 को पारित आदेश में आराजी संख्या 98 के खातेदारों को किसी तीसरे व्यक्ति के पक्ष में बैनामा करने से प्रतिबंधित किया गया है। विजय यादव के मुताबिक, इस आदेश के मद्देनजर जमीन के संभावित खरीदारों को विवाद की जानकारी देना जरूरी है, ताकि कोई व्यक्ति जमीन खरीदकर कानूनी विवाद में न फंसे। विजय यादव ने प्रार्थना पत्र में बताया कि विवादित जमीन के क्रय-विक्रय को लेकर लोगों को आगाह करने के उद्देश्य से शैलजाकांत के मकान पर चेतावनी सूचना बोर्ड लगाया गया है। उनका दावा है कि बोर्ड लगाने का उद्देश्य किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि जमीन के विवाद की जानकारी सार्वजनिक करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद रानी की सराय थानाध्यक्ष की ओर से बोर्ड हटाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है तथा बोर्ड नहीं हटाने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की बात कही जा रही है। प्रार्थी ने आशंका जताई है कि यदि विवादित जमीन का दोबारा किसी तीसरे व्यक्ति के पक्ष में बैनामा हो जाता है, तो नए खरीदार के साथ-साथ पहले से जमीन खरीद चुके लोगों को भी आर्थिक और कानूनी नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसी आधार पर उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने की अपील की है। विजय यादव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले के तथ्यों और हाईकोर्ट के आदेश को ध्यान में रखते हुए रानी की सराय थानाध्यक्ष को आवश्यक निर्देश दिए जाएं। उन्होंने चेतावनी बोर्ड हटाने के लिए दबाव नहीं बनाने और विवादित आराजी संख्या 98 के संबंध में न्यायालय के आदेश के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
