आजमगढ़ में बकरी को लेकर विवाद, महिला और बेटियों से मारपीट व अभद्रता का आरोप

Youth India Times
By -
0

 

बकरी वापस लाने की बात पर शुरू हुआ विवाद, विरोध करने पर मारपीट का आरोप
रिपोर्ट : अबुल कैश
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के सुराई गांव में बकरी ले जाने को लेकर हुए विवाद में एक महिला और उसकी बेटियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और अभद्रता करने का आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुराई गांव निवासी नाजिमा पत्नी जमालुद्दीन ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 25 जुलाई 2026 की सुबह करीब नौ बजे उसकी बकरी पड़ोस में कुछ लोगों के घर के पास चली गई थी। बकरी को वापस लाने की बात पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि शौकत अली, उसके पुत्र माजिद समेत अन्य लोगों ने महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा उसे धमकी दी। पीड़िता के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बेटी के साथ भी अभद्र व्यवहार करने और उसके कपड़े फाड़ने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। महिला का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की। पुलिस अभिलेखों के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को निजामाबाद थाने में मुकदमा संख्या 0260 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 115(2), 352, 351(3) और 74 के तहत कार्रवाई की गई है। प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक राजेश कुमार राय को सौंपी गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)