आजमगढ़ : ओवैसी की जनसभा में मोबाइल चोरों का आतंक, करीब 15 फोन चोरी या गुम होने की सूचना से मचा हड़कंप

Youth India Times
By -
0
AIMIM के प्रदेश सचिव अंसार खान ने प्रभावित लोगों से प्रार्थना पत्र देने की अपील की
रिपोर्ट : पद्माकर मिश्रा
आजमगढ़। जिले में AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी की जनसभा के दौरान मोबाइल फोन चोरी या गुम होने की सूचना से अफरा-तफरी मच गई। भीड़ के बीच करीब 15 मोबाइल फोन गायब होने की बात सामने आई है। घटना के बाद जनसभा स्थल पर लोग अपने-अपने मोबाइल तलाशते नजर आए। जानकारी के अनुसार, गंभीरपुर थाना क्षेत्र में आजमगढ़-वाराणसी हाईवे स्थित लहरिया पुरवा में जायका दरबार ढाबे के पीछे जनसभा का आयोजन किया गया था। इसमें सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भाजपा, सपा और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। सभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। इसी दौरान कुछ लोगों के मोबाइल फोन गायब होने की सूचना सामने आई। हैरानी की बात यह रही कि जनसभा समाप्त होने के बाद उसी माइक से मोबाइल फोन चोरी या गुम होने को लेकर ऐलान किया गया, जिससे ओवैसी ने लोगों को संबोधित किया था। घोषणा के बाद लोगों में अपने मोबाइल को लेकर चिंता बढ़ गई। AIMIM के प्रदेश सचिव अंसार खान ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि जनसभा के दौरान करीब 15 मोबाइल फोन चोरी होने या गुम होने की सूचना मिली है। उन्होंने प्रभावित लोगों से अपना प्रार्थना पत्र उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बताया गया कि सांसद की जनसभा की सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिले के करीब एक दर्जन थानों की पुलिस फोर्स तैनात थी। इसके बावजूद मोबाइल गायब होने की सूचना से आयोजन की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)