जांच में अस्पताल में चिकित्सक नहीं मिला, एनआईसीयू में भर्ती दो बच्चों को दूसरे अस्पताल भेजा गया
आजमगढ़। बिलरियागंज में बिना पंजीकरण संचालित किए जा रहे ओम चाइल्ड केयर के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा को मिली शिकायत के बाद उनके निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान अस्पताल बिना आवश्यक पंजीकरण के संचालित पाया गया। मौके पर कोई चिकित्सक भी मौजूद नहीं था। डिप्टी सीएमओ एवं निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान के नोडल अधिकारी डॉ. मोहनलाल के नेतृत्व में टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और अभिलेखों की जांच की। इस दौरान अस्पताल में चार बेड का नवजात गहन चिकित्सा कक्ष (एनआईसीयू) संचालित मिला, जिसमें दो बच्चे भर्ती थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उनके परिजनों को अस्पताल की स्थिति से अवगत कराया। परिजनों की सहमति के बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित करा दिया गया। विभाग के अनुसार इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि या अन्य अप्रिय घटना नहीं हुई। जांच पूरी करने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान डॉ. मोहनलाल के साथ पटल सहायक धीरेन्द्र कुमार शुक्ला भी मौजूद रहे। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि जनपद में बिना पंजीकरण अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
