आजमगढ़ में सपा का ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत ऐतिहासिक मार्च

Youth India Times
By -
0

कार्यकर्ताओं ने लगाए ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को आजमगढ़ में ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्टी के जिला कार्यालय के सामने स्थित कुंवर सिंह उद्यान में सुबह 11 बजे से ही कार्यकर्ताओं का जुटना शुरू हो गया। देखते ही देखते पूरा पार्क सपा कार्यकर्ताओं से भर गया। जिलाध्यक्ष हवलदार यादव और सांसद धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में पार्टी नेताओं के मुताबिक करीब 20 से 25 हजार कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ता ‘ज्ञानेश कुमार हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’, ‘भाजपा हटाओ, संविधान बचाओ’ और ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’ जैसे नारे लगाते हुए आगे बढ़े। कार्यकर्ताओं के हाथों में विभिन्न नारों वाली तख्तियां तथा बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, डॉ. राम मनोहर लोहिया, मुलायम सिंह यादव, कांशीराम और अखिलेश यादव के चित्र थे। मार्च में सांसद धर्मेंद्र यादव, सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, एमएलसी बलराम यादव, पूर्व मंत्री एवं विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, एमएलसी शाह आलम गुड्डू जमाली, विधायक डॉ. संग्राम यादव, नफीस अहमद, अखिलेश यादव, बेचई सरोज, कमलाकांत राजभर, पूजा सरोज, डॉ. एचएन सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व सांसद नंद किशोर यादव, पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल रहे। सांसद धर्मेंद्र यादव ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस, राहुल सांकृत्यायन, विश्राम राय और संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के माध्यम से संविधान के अनुच्छेद 326 के प्रावधानों के विपरीत मनमाने ढंग से लोगों के वोट काट रही है। उन्होंने कहा कि देश के सामने लोकतंत्र बचाने का संकट खड़ा हो गया है और समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक इसका विरोध करेगी। कार्यक्रम के दौरान फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध जताया। इस दौरान दुर्गेश यादव, कुणाल मौर्य, सूरज राजभर, जोरार खान, प्रदीप यादव और आनंद यादव समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने संविधान के अनुच्छेद 326 को पढ़कर सुनाया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। मार्च में पार्टी के कई नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)