आजमगढ़ : सेंट जेवियर्स हाईस्कूल में रामलीला का भव्य मंचन, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा परिसर

Youth India Times
By -
0
विद्यार्थियों ने रामजन्म से रावण वध तक के प्रसंगों का किया जीवंत मंचन, सत्य और मर्यादा का दिया संदेश
आजमगढ़। एलवल स्थित सेंट जेवियर्स हाईस्कूल में शुक्रवार को नवरात्र और विजयादशमी के उपलक्ष्य में भव्य रामलीला का आयोजन किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का आकर्षक मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रामलीला के दौरान पूरा विद्यालय परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रशांत चंद्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल, अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य विनय पांडेय, सीएओ साक्षी बिसेन, उपप्रधानाचार्य संजय कुमार पांडेय, विद्यालय समन्वयक धीरेंद्र भारद्वाज, आराधना राय और मोना सिंह ने मां सरस्वती एवं भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। रामलीला में विद्यार्थियों ने रामजन्म, गुरुकुल शिक्षा, ताड़का वध, सीता स्वयंवर, राम विवाह, वनगमन, शूर्पणखा प्रसंग, सीता हरण, हनुमान मिलन, लंका दहन, रावण वध और भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने सहित अनेक प्रसंगों का मंचन किया। आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि प्रणाली और डिजिटल पृष्ठभूमि से सजे मंच पर कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक मुकुट और साज-सज्जा के साथ भक्ति गीतों ने मंचन को जीवंत बना दिया। सीता स्वयंवर, वनगमन, सीता हरण और लंका दहन जैसे प्रसंगों ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों के अभिनय की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन-मूल्यों से जोड़ते हैं। भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, मयार्दा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। प्रधानाचार्य विनय पांडेय ने कहा कि रामलीला का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में धैर्य, अनुशासन, आज्ञाकारिता और सत्य की विजय जैसे नैतिक मूल्यों को विकसित करना है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा सभी को दशहरा की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)