स्कूल परिसर के आवास में शिक्षक दंपती की धारदार हथियार से हत्या

Youth India Times
By -
0

चालक ने सुबह कमरे में खून से लथपथ शव देखे, फावड़ा-कुल्हाड़ी बरामद; खुलासे के लिए 10 पुलिस टीमें गठित

सुल्तानपुर। कादीपुर थाना क्षेत्र के कुंभी डढ़िया गांव के पास सोमवार रात स्कूल परिसर में बने आवास में सो रहे शिक्षक और उनकी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह स्कूल का चालक चाभी लेने शिक्षक के आवास पर पहुंचा तो कमरे में शिक्षक मुकेश कुमार सिंह उर्फ रम्मू (45) और उनकी पत्नी विनीता सिंह के शव खून से लथपथ मिले। शवों के पास से खून से सना फावड़ा और कुल्हाड़ी भी बरामद हुई है। दंपती की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। एसपी विनीत जायसवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने हत्याकांड के खुलासे के लिए 10 पुलिस टीमें गठित की हैं। एसपी विनीत जायसवाल के साथ एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रवीण कुमार और डीआईजी अयोध्या सोमेन वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस की टीमें घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, डिजिटल सुराग और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही हैं। मुकेश कुमार सिंह के परिवार के पास करीब 35 बीघा पैतृक कृषि भूमि होने की बात सामने आई है। खेती-किसानी की देखरेख भी मुकेश स्वयं करते थे। ऐसे में पुलिस संपत्ति संबंधी विवाद समेत पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद, शिक्षण संस्थान से जुड़े मामले और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि अभी तक परिवार की ओर से ऐसा कोई स्पष्ट विवाद सामने नहीं आया है, जिसे हत्या की वजह माना जा सके। दंपती की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। उनका इकलौता बेटा अभ्युदय सिंह दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहा है। माता-पिता की अचानक मौत से परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर हत्या की वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)