राजघाट पर एक ही परिवार के तीन सदस्यों का अंतिम संस्कार देख नम हुईं आंखें
भारी पुलिस बल के बीच गमगीन माहौल में दी गई अंतिम विदाई
आजमगढ़। नगर के राजघाट पर बुधवार को ऐसा मार्मिक दृश्य सामने आया, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में हुई दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाले एक ही परिवार के मां, पिता और बेटे का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। तीनों शवों को अगल-बगल चिताओं पर रखा गया तो राजघाट का माहौल पूरी तरह गमगीन हो उठा। अंतिम संस्कार के दौरान बीच में बेटे का शव रखा गया, जबकि उसके एक तरफ मां और दूसरी तरफ पिता की चिता सजाई गई। तीनों चिताओं को एक साथ देखकर परिवार के लोगों और रिश्तेदारों का कलेजा भर आया। हर तरफ चीख-पुकार और मातम का माहौल था। इसी बीच मृतक अरविंद के बड़े भाई सुनील सिंह की बेटी वर्षा सिंह राजघाट पहुंचीं। वर्षा ने अपने चाचा, चाची और भाई को मुखाग्नि दी। एक साथ परिवार के तीन सदस्यों को मुखाग्नि देते समय वर्षा को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति को भीतर तक झकझोर गया। घटना के बाद से शंभूपुर गांव में भी मातम पसरा हुआ है। परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव से लेकर राजघाट तक हर तरफ शोक का माहौल बना रहा। अंतिम संस्कार के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए राजघाट पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिसकर्मी पूरे समय सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे। शंभूपुर की इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार की तीन चिताओं का एक साथ जलना और बेटी द्वारा अपने चाचा, चाची व भाई को मुखाग्नि देना राजघाट पर मौजूद लोगों के लिए ऐसा दृश्य रहा, जिसे वे लंबे समय तक भुला नहीं सकेंगे।



