विधायक के फार्म हाउस पर युवती से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दरोगा-सिपाही समेत चार गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

सीआरपीएफ इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल भी नामजद, पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज

अमरोहा। हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के झूलपुरी स्थित एक फार्म हाउस में हरियाणा की युवती से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हसनपुर कोतवाली में तैनात दरोगा संजय तोमर और सिपाही प्रमोद कुमार के अलावा सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर लालाराम यादव तथा हेड कांस्टेबल मोहित शामिल हैं। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने दोनों स्थानीय पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता हरियाणा के फतेहाबाद जिले की रहने वाली है और एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। उसकी पहचान एक महिला मित्र के माध्यम से सीआरपीएफ में तैनात हेड कांस्टेबल मोहित से हुई थी। युवती के मुताबिक, 21 सितंबर को वह सोनीपत में मोहित से मिली। मोहित के घूमने चलने के प्रस्ताव पर वह उसकी कार में बैठ गई। इसके बाद वह उसे मेरठ ले गया, जहां सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम यादव भी कार में सवार हो गया। पुलिस के मुताबिक, अगले दिन तीनों हसनपुर पहुंचे। कोतवाली के गेट के पास सादे कपड़ों में मौजूद दरोगा संजय तोमर भी उनकी कार में बैठ गया। इसके बाद सभी झूलपुरी स्थित फार्म हाउस पहुंचे। कुछ देर बाद हसनपुर कोतवाली का सिपाही प्रमोद कुमार वहां खाना और शराब लेकर पहुंचा। आरोप है कि रात में खाना-पीना होने के बाद मोहित, लालाराम और संजय तोमर युवती के कमरे में जबरन घुस गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद सिपाही प्रमोद कुमार के कमरे में आने पर युवती ने उसे धक्का देकर बाहर कर दिया और कमरा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने फार्म हाउस पर छापा मारकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। युवती को पुलिस अपने साथ हसनपुर कोतवाली लाई और बाद में उसे अमरोहा के वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मोहित सीआरपीएफ की पांचवीं बटालियन दिल्ली में हेड कांस्टेबल है, जबकि लालाराम यादव सीआरपीएफ की 156वीं बटालियन न्यू बोगाई गांव, असम में इंस्पेक्टर है। घटना में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। मुरादाबाद रेंज के डीआईजी मुनिराज जी ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हसनपुर थाने में तैनात दरोगा और सिपाही के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी, जबकि सीआरपीएफ के दोनों आरोपियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी गई है। वहीं, फार्म हाउस के संबंध में विधायक उमेश शर्मा ने बताया कि घटना वाली रात सीआरपीएफ का एक अधिकारी, स्थानीय थाने का एसआई, एक महिला और एक सीआरपीएफ जवान वहां पहुंचे थे। विधायक के अनुसार, एसआई ने उन्हें बताया था कि अधिकारी गृह मंत्रालय से आए हैं और किसी बड़ी जांच के सिलसिले में कुछ घंटे फार्म हाउस में रुकेंगे। महिला को अधिकारी और उसके साथ मौजूद जवान को उसका पीएसओ बताया गया था। बाद में स्थानीय पुलिस पहुंची और सभी को गिरफ्तार कर ले गई।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)