सगड़ी तहसील के बघावर गांव का मामला, चाचा की 26 बिस्वा जमीन को लेकर जिलाधिकारी से जांच की मांग
आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के बघावर गांव निवासी अभिनन्दन सिंह ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अपने चाचा की जमीन के मामले में न्याय की गुहार लगाई है। प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि उसके चाचा योगेन्द्र सिंह की करीब 26 बिस्वा जमीन को बहला-फुसलाकर और नशे की हालत में कथित तौर पर दो बार अपने नाम लिखवा लिया गया। आरोप है कि जमीन की तय कीमत भी पूरी तरह नहीं दी गई और खाते में भेजी गई रकम बाद में वापस ले ली गई। जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में अभिनन्दन सिंह ने बताया कि उनके चाचा योगेन्द्र सिंह पुत्र स्व. बासदेव सिंह की एकजाई जमीन संख्या 557 में करीब 26 बिस्वा भूमि है। आरोप है कि कादीपुर उर्फ रजादेपुर निवासी सर्वेश कुमार नायक पुत्र जगदीश नायक ने कथित तौर पर उक्त जमीन को दो बार अपने नाम लिखवा लिया। प्रार्थी का दावा है कि जमीन के एवज में खाते में दो लाख रुपये भेजे गए, लेकिन बाद में वह रकम भी वापस ले ली गई। इसके बावजूद जमीन उनके चाचा के नाम से चली गई। अभिनन्दन सिंह ने आरोप लगाया कि इस पूरी प्रक्रिया में उनके चाचा की स्थिति और सहमति का कथित तौर पर अनुचित लाभ उठाया गया। प्रार्थी के अनुसार, जमीन संबंधी घटनाक्रम के बाद उनके चाचा योगेन्द्र सिंह की मानसिक स्थिति बिगड़ गई। उन्होंने यह भी बताया कि योगेन्द्र सिंह को एक बार दिल का दौरा पड़ चुका है और वर्तमान में उनकी हालत ऐसी नहीं है कि वह स्वयं अधिकारियों के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रख सकें। अभिनन्दन सिंह ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जमीन के दस्तावेजों, लेन-देन और पूरी प्रक्रिया की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और संबंधित दस्तावेजों के परीक्षण के बाद ही हो सकेगी।



