आजमगढ़। श्री परमहंस इंटर कॉलेज देवपुर हनुमाननगर में बुधवार को टेस्ट परीक्षा के दौरान कक्षा नौ के छात्र को सर्प ने डंस लिया। घटना के बाद विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने तत्काल छात्र को प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद दोहरीघाट स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार भरौली गांव निवासी विनोद चौहान का 14 वर्षीय पुत्र उमेश चौहान श्री परमहंस इंटर कॉलेज देवपुर कमालपुर में कक्षा नौ का छात्र है। बुधवार को विद्यालय में टेस्ट परीक्षा चल रही थी। करीब 11 बजे परीक्षा के दौरान छात्र को सर्प ने डंस लिया। इसकी जानकारी मिलते ही प्रधानाचार्य सूर्य प्रकाश यादव, शिक्षक अभय कुमार मिश्र और परिचारक जितेंद्र सिंह ने तत्काल छात्र को विद्यालय में प्राथमिक उपचार दिया और बिना देर किए निजी वाहन से दोहरीघाट स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां छात्र को भर्ती कराया गया। विद्यालय की ओर से छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। जानकारी मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। प्रधानाचार्य सूर्य प्रकाश यादव ने बताया कि छात्र अब खतरे से बाहर है और परिजन उसके साथ मौजूद हैं। विद्यालय परिवार के सहयोग से छात्र को समय पर अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू कराया गया। उपचार अभी जारी है। उन्होंने बताया कि छात्र के इलाज का खर्च भी विद्यालय की ओर से उठाया गया है।
आजमगढ़ : परीक्षा के दौरान कक्षा नौ के छात्र को सांप ने डंसा
By -
Wednesday, September 23, 2026
0
Tags:



