सर्व समाज मिस्त्री सेवा समिति ने निष्पक्ष जांच की मांग की, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
आजमगढ़। जिले में श्रम विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए एक युवक ने उप श्रमायुक्त मंडल आजमगढ़ कार्यालय में शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। सर्व समाज मिस्त्री सेवा समिति के बैनर तले दिए गए प्रार्थना पत्र में श्रम प्रवर्तन अधिकारी की ओर से की गई चालानी कार्रवाई को गलत तथ्यों पर आधारित बताते हुए न्याय की गुहार लगाई गई है। मामला ग्राम हैदराबाद उर्फ छतवारा, चंदेश्वर निवासी पवन से जुड़ा है। पवन रानी की सराय स्थित मेसर्स आनंद आटो गैरेज में नियोजक महेश वर्मा के अधीन कार्य करता है। पवन के अनुसार 22 सितंबर की दोपहर श्रम प्रवर्तन अधिकारी अचानक गैरेज पहुंचे और जांच के बाद 25 हजार रुपये का चालान कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि बालिग होने के बावजूद उसके खिलाफ गलत तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की गई। उसने शिकायती पत्र के साथ पहचान पत्र और उम्र संबंधी दस्तावेज भी संलग्न किए हैं। पवन का कहना है कि सरकारी अभिलेखों के अनुसार उसकी उम्र 23 वर्ष है। ऐसे में बाल श्रम अथवा नियमों के उल्लंघन के आधार पर की गई कार्रवाई को उसने निराधार बताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है। पीड़ित ने उप श्रमायुक्त से मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं सर्व समाज मिस्त्री सेवा समिति ने भी पवन का समर्थन करते हुए जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

