आजमगढ़ : विद्यालय जा रही नाबालिक छात्रा का अपहरण कर किया रेप, बनाया वीडियो

Youth India Times
By -
0


परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में दी तहरीर, दो नामजद
आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र में कक्षा 10 की नाबालिग छात्रा के लापता होने और बाद में उसे बोलेरो से उतारकर छोड़ने का मामला सामने आया है। छात्रा के पिता ने दो नामजद युवकों समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में छात्रा के साथ दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप भी लगाया गया है। तहरीर के अनुसार, आराध्या (काल्पनिक नाम), निवासी ग्राम सूरजपुर (काल्पनिक पता), थाना महराजगंज, 21 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। करीब 10:45 बजे एक ग्रामीण ने उसके पिता को सूचना दी कि छात्रा को सफेद रंग की बोलेरो में जाते देखा गया है। परिजनों ने स्कूल पहुंचकर जानकारी की तो पता चला कि वह उस दिन विद्यालय पहुंची ही नहीं थी। तहरीर के मुताबिक, परिजन छात्रा की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब दो बजे एक सफेद बोलेरो वहां पहुंची। आरोप है कि वाहन में सवार सचिन और शिवम कुमार ने छात्रा को नीचे उतारकर छोड़ दिया। पिता ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि दोनों ने फोन कर 10-12 अन्य युवकों को बुला लिया। तहरीर में इन लोगों पर गाली-गलौज करने और बोलेरो से परिजनों को कुचलने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है। परिजनों के अनुसार, छात्रा ने अपनी मां को बताया कि उसे ले जाने के दौरान उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया गया और उसका अश्लील वीडियो बनाया गया। छात्रा ने यह भी बताया कि उसे एक मोबाइल फोन दिया गया था, जिसे उसने परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले में अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में छात्रा के बयान, चिकित्सकीय परीक्षण तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)