आजमगढ़ : फर्जी रजिस्ट्री से भूमि हड़पने के मामले में गैंगेस्टर एक्ट का वांछित गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0


2025 में दर्ज मुकदमे के बाद जिलाधिकारी ने अनुमोदित किया था गैंग चार्ट, तीन मुकदमे हैं दर्ज
आजमगढ़। फर्जी व्यक्ति खड़ा कर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर भूमि की फर्जी रजिस्ट्री कराने के मामले में गैंगेस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित अभियुक्त को जीयनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को चुनहवा चौराहा के पास से हिरासत में लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, नगर पंचायत जीयनपुर निवासी गौतम प्रसाद चौरसिया ने सात अप्रैल 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि मो. हैदर, अशहद और मो. आजम ने फर्जी व्यक्ति खड़ा कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और भूमि की फर्जी रजिस्ट्री करा ली। शिकायत के आधार पर जीयनपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। आरोपियों की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी आजमगढ़ ने 13 सितंबर 2026 को गैंग चार्ट का अनुमोदन किया। इसके बाद 23 सितंबर को जीयनपुर थाने में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान निरीक्षक अपराध शम्भूनाथ यादव पुलिस टीम के साथ मालटारी में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना के आधार पर रौजा सैफन पट्टी निवासी मो. हैदर पुत्र निजामुद्दीन को चुनहवा चौराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ वर्ष 2016, 2025 और 2026 में कुल तीन मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक अपराध शम्भूनाथ यादव, कांस्टेबल अजय कुमार प्रथम, बुटाई शाह, रिजर्व कांस्टेबल प्रशान्त सिंह और रिजर्व कांस्टेबल मो. शाहिद शामिल रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)