टीएसआई जयशंकर सिंह ने यातायात नियमों, हेलमेट-सीट बेल्ट और सुरक्षित आवागमन के प्रति किया जागरूक
आजमगढ़। 99 यूपी बटालियन एनसीसी, आजमगढ़ के तत्वावधान में डेंटल कॉलेज, इटौरा, चंडेश्वर में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-328) में कैडेटों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। 21 से 30 सितंबर तक चल रहे शिविर के चौथे दिन टीएसआई जयशंकर सिंह ने रोड सेफ्टी विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कैडेटों को यातायात नियमों के पालन, सड़क पर सुरक्षित आवागमन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग तथा वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। एनसीसी कैडेट स्वयं नियमों का पालन करने के साथ समाज में भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। शिविर के दूसरे दिन ओपनिंग एड्रेस में कमान अधिकारी कर्नल दिनेश शर्मा ने कहा था कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कैडेटों को रेजिमेंटल लाइफ की गतिविधियों से परिचित कराने के साथ इंटर ग्रुप कम्पटीशन के लिए योग्य एवं दक्ष कैडेटों को तैयार करना है। उन्होंने कैडेटों से अनुशासन, समर्पण, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता के साथ प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। इस अवसर पर कॉन्स्टेबल विनय कुमार राय, सूबेदार मेजर विनोद कुमार, सेकेंड ऑफिसर दिनेश कुमार मिश्रा, लेफ्टिनेंट चन्दन कुमार सहित एनसीसी अधिकारी एवं कैडेट मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सहयुक्त एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज सिंह ने किया। शिविर में कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण, अनुशासन, नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षित किया जा रहा है।



